रीवा के संजय गांधी अस्पताल में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर भारी हंगामा, मायके वालों ने पति को पीटा

Uproar over the suspicious death of a newlywed woman at Sanjay Gandhi Hospital in Rewa.

रीवा: मैहर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) परिसर में बुधवार को उस समय भारी बवाल हो गया, जब मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। अस्पताल की मॉर्चुरी के बाहर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से से भड़के मायके पक्ष के लोगों ने मृतका के पति अखिलेश तिवारी को परिसर में ही दबोच लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।

दहेज और संपत्ति के लिए प्रताड़ना का आरोप
मृतका की पहचान पूनम तिवारी के रूप में हुई है, जिनकी शादी वर्ष 2019 में सतना के पतेरी से मैहर जिले के ताला थाना क्षेत्र अंतर्गत ललितपुर निवासी अखिलेश तिवारी के साथ हुई थी। मृतका की बहन ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही पूनम को दहेज के लिए लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पति अखिलेश उस पर मायके की संपत्ति में से आधा हिस्सा अपने नाम करवाने का लगातार दबाव बना रहा था और मांग पूरी न होने पर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।

बिना सूचना दिए शव लाने पर भड़के परिजन, जेठ हिरासत में
मायके पक्ष का गुस्सा इस बात पर और भड़क गया कि ससुराल वालों ने पूनम की मौत के बाद उनके परिवार को कोई सूचना नहीं दी और गुपचुप तरीके से शव को लेकर सीधे रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुँच गए। मॉर्चुरी के पास अचानक दोनों पक्षों के जुटने से पैदा हुए भारी तनाव को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी पति को मायके वालों के चंगुल से छुड़ाया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मृतका के जेठ नीलेश तिवारी को हिरासत में ले लिया है और मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *