रीवा जिले की सेमरिया विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा द्वारा संजय गांधी अस्पताल की मोर्चरी और शवों को लेकर दिए गए विवादित व आपत्तिजनक बयान के विरोध में सोमवार को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर रीवा से पहुंचे महिलाओं और पुरुषों के एक समूह ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए उनके इस्तीफे की मांग उठाई।
यह पूरा विवाद रीवा के संजय गांधी अस्पताल में एक महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठ रहे सवालों के बीच शुरू हुआ था। इसी दौरान विधायक अभय मिश्रा ने मोर्चरी में महिला के शव को लेकर बेहद गंभीर और आपत्तिजनक बयान दिए थे, जिनकी किसी भी स्वतंत्र एजेंसी से पुष्टि नहीं हो पाई है।
बयान सामने आने के बाद से ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई थी, जिसके चलते रीवा से आए लोगों ने भोपाल में डेरा डालकर पीसीसी कार्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने विधायक के इन बयानों को बेहद शर्मनाक और गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए तत्काल पद से इस्तीफे की मांग की है, जिससे राज्य की राजनीति में गर्माहट बनी हुई है।




