नेशनल पेंचक सिलाट में रीवा के खिलाड़ियों का जलवा, नित्या को रजत और शुभम को मिला कांस्य पदक

Rewa players shine at the National Pencak Silat Championship.

रीवा। महाराष्ट्र के नासिक में आयोजित 14वीं जूनियर नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में रीवा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में रीवा की ‘एके वॉरियर्स एकेडमी’ के होनहार खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए दो महत्वपूर्ण पदक अपने नाम किए हैं। खिलाड़ियों की इस सफलता से पूरे विंध्य क्षेत्र और खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।

कोच अजय कैला के मार्गदर्शन में मिली बड़ी सफलता

यह शानदार सफलता खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और मध्यप्रदेश टीम के मुख्य कोच अजय कैला के कुशल मार्गदर्शन और कड़े प्रशिक्षण के बदौलत मिली है। प्रतियोगिता में रीवा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की छात्रा नित्या दुबे ने मैट पर उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक (Silver Medal) पर कब्जा जमाया। वहीं, दून पब्लिक स्कूल के छात्र शुभम कुमार पटेल ने भी दमदार खेल दिखाते हुए देश भर के खिलाड़ियों के बीच कांस्य पदक (Bronze Medal) जीतने में सफलता हासिल की।

अन्य खिलाड़ियों ने भी दिखाया दमखम

पदक विजेताओं के अलावा एकेडमी के अन्य मार्शल आर्ट्स खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। टीम के खिलाड़ी अभिषेक, अनीश और कृष्णा ने कड़े मुकाबलों का सामना करते हुए क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया। इसके साथ ही संकल्प, कमल और अंश ने भी राष्ट्रीय मंच पर बेहद दमदार खेल का प्रदर्शन कर भविष्य के लिए मजबूत उम्मीदें जगाई हैं।

खेल प्रेमियों और गणमान्य नागरिकों ने दी बधाई

रीवा को गौरवान्वित करने वाली इस राष्ट्रीय सफलता पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। रीवा पेंचक सिलाट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजन वर्मा, बीबीएस स्कूल के संचालक संतोष सिंह, दून पब्लिक स्कूल के संचालक शेखर सुशांत सिंह, प्रांजय सिंह बघेल, परमजीत सिंह डांग और मुनेन्द्र सिंह सहित जिले के तमाम खेल प्रेमियों, गणमान्य नागरिकों और खिलाड़ियों के परिजनों ने कोच अजय कैला और सभी विजेता खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *