अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी, 15 दिन में दूसरी बार आया ईमेल

amitabh bacchan

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पिछले 15 दिनों में यह दूसरी बार है जब उनके बंगले को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। ताजा ईमेल में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, महालक्ष्मी रेस कोर्स और बॉम्बे हाईकोर्ट को भी बम से उड़ाने की बात कही गई है। धमकी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस सतर्क हो गई है।

इससे पहले 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। उस ईमेल में गायक दिलजीत दोसांझ को भी जान से मारने की बात कही गई थी।

31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच हमले की दी थी धमकी

23 अक्टूबर को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया था कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच अमिताभ बच्चन के बंगले पर हमला किया जा सकता है। धमकी देने वाले ने इसे 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का बदला बताया था। ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए थे।

ईमेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों का भी जिक्र किया गया था। इसमें दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाने की धमकी देते हुए कहा गया था कि उन्होंने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए उन पर भी हमला किया जाएगा। ईमेल में 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी।

धमकी के बाद BMC मुख्यालय की हुई थी तलाशी

23 अक्टूबर को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की टीमें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय पहुंची थीं। टीमों ने मेयर और डिप्टी मेयर के कार्यालयों समेत विभिन्न कक्षों की तलाशी ली थी।

अब दोबारा धमकी मिलने के बाद पुलिस सतर्क है। हालांकि, ताजा ईमेल भेजने वाले की पहचान और दोनों धमकियों के बीच किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।

18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग का मामला भी आया था सामने

इससे पहले 18 अक्टूबर को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना की खबर सामने आई थी। जानकारी के मुताबिक, टाइगर फुटबॉल खेलने के बाद जुहू इलाके से निकल रहे थे, तभी उनकी कार पर गोलियां चलाई गईं। इस घटना में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की बात सामने आई थी। मामले में 12 आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *