शहडोल : साखी जंगल में अवैध शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत

Young man dies a painful death after coming into contact with an electrified trap set for hunting in Shahdol

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत साखी जंगल में अवैध शिकार के लिए बिछाए गए बिजली के करंट की चपेट में आने से 23 वर्षीय युवक सुरेश लोनी पिता राम प्रताप की जान चली गई है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर जंगलों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सुरेश रात के समय घर पर था, तभी उसके मोबाइल पर किसी साथी का फोन आया था जिसके बाद वह घर से निकल गया था, लेकिन पूरी रात वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा कई बार संपर्क करने पर भी जब उसका मोबाइल बंद मिला, तो सुबह चिंतित परिजन उसकी तलाश में निकले और खोजबीन करते हुए साखी जंगल पहुंचे, जहां उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटनास्थल पर बिजली के तार भी बिछे हुए पाए गए, जिससे यह स्पष्ट आशंका जताई जा रही है कि जंगली जानवरों के अवैध शिकार के लिए तारों में करंट फैलाया गया था, जिसकी चपेट में आने से सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई।

यह दुखद घटना अकेली नहीं है, बल्कि इसी साखी जंगल के आसपास के करीब 25 किलोमीटर के दायरे में हाल के दिनों में वन्यजीवों के हमलों से जुड़ी अन्य दो और दर्दनाक मौतें भी सामने आ चुकी हैं। हाल ही में एक दिन पहले घर में सो रही 15 साल की एक किशोरी को तेंदुआ उठाकर ले गया था, वहीं पपौंध क्षेत्र में बाघ के हमले से एक चरवाहे की भी जान जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, ब्यौहारी क्षेत्र के इन जंगलों में इस समय 60 से अधिक हाथियों के दो झुंड भी बेखौफ विचरण कर रहे हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है और जंगलों के किनारे बसे गांवों में रहना खतरे से खाली नहीं रह गया है।

एक तरफ वन विभाग जंगलों में लगातार कॉम्बिंग सर्चिंग और वन्यजीवों की कड़ी निगरानी रखने के बड़े-बड़े दावे कर रहा है, तो दूसरी तरफ संवेदनशील वन क्षेत्रों में खुलेआम अवैध शिकार के लिए बिजली के तार बिछाए जाने की घटनाएं उसकी पोल खोल रही हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर नियमित गश्त और दावों के बावजूद इस तरह की अवैध गतिविधियां प्रशासनिक पकड़ से बाहर क्यों हैं और क्या जंगलों में सुरक्षा व निगरानी के लिए पर्याप्त अमला और संसाधन मौजूद नहीं हैं? घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी और ब्यौहारी थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और ब्यौहारी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर इस पूरे मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *