Rajnath Singh Operation Sindoor : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए कायराना आतंकवादी हमले का पाकिस्तान को करारा जवाब देने के लिए भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। इस सैन्य अभियान में देश के छह वीर जवान शहीद हो गए थे। इस ऑपरेशन ने भारत के शौर्य, पराक्रम और आधुनिक युद्ध कौशल का एक नया अध्याय लिखा, जिसमें बलिदान देने वाले इन जवानों के नाम अब सार्वजनिक किए गए हैं। इन वीर बलिदानियों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल के रोल ऑफ ऑनर में दर्ज हैं। इन शहीदों में सूबेदार मेजर पवन कुमार (हेडक्वार्टर 10 इन्फैंट्री ब्रिगेड), राइफलमैन सुनील कुमार (4 जम्मू-कश्मीर लाइट इन्फैंट्री, वीर चक्र प्राप्त), लांस नायक दिनेश कुमार (5 फील्ड रेजिमेंट), एविएशन टेक्नीशियन मूद मुरलीनाइक (851 लाइट रेजिमेंट), हवलदार सुनील कुमार सिंह (237 फील्ड वर्कशाप) और सार्जेंट सुरेंद्र कुमार (39 विंग, वायु सेना मेडल प्राप्त) शामिल हैं।
अमित मालवीय ने विपक्ष पर बोला हमला
दरअसल, बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि विपक्ष को ऑपरेशन सिंदूर के वीर जवानों और पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि विपक्ष ने कई महीनों तक झूठ फैलाया, दुश्मन देश का प्रचार किया और संसद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान को तोड़मरोड़कर पेश किया, ताकि यह दिखाया जा सके कि सरकार सैनिकों के बलिदान से इनकार कर रही है।
कांग्रस ने ऑपरेशन सिंदूर पर उठाया सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने एक्स पर एक पोस्ट में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसद में दिए गए बयान का वीडियो शेयर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जवाबी कार्रवाई को लेकर संसद को गुमराह किया गया। साथ ही, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जान गंवाने वाले छह जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल पर दर्ज किए जाने के बाद कांग्रेस ने रक्षा मंत्री पर आरोप लगाए कि उन्होंने इस बात को छिपाया है।
अमित मालवीय ने किया राजनाथ सिंह का बचाव
अमित मालवीय ने कहा कि ये आरोप पूरी तरह गलत हैं। उनका कहना है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का बयान एक खास संदर्भ में दिया गया था, जिसका मकसद उस झूठे प्रचार का खंडन करना था जिसमें दावा किया जा रहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने अपने फाइटर पायलट खो दिए थे। उन्होंने कहा कि इस तरह का झूठा प्रचार देश का मनोबल गिराने और ऑपरेशन की सफलता को छुपाने की कोशिश है। मालवीय ने आरोप लगाया कि विपक्ष ने जानबूझकर रक्षा मंत्री के बयान का एक हिस्सा तोड़मरोड़ कर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश की है।
अमित मालवीय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक बहुत ही सफल सैन्य अभियान था। इसमें 100 से ज्यादा आतंकवादी और पाकिस्तानी सेना के सैनिक मारे गए। साथ ही, नियंत्रण रेखा (LoC) के पास पाकिस्तान के एयरबेस और सेना के ढांचे को भारी नुकसान पहुंचाया गया। भारतीय सेना ने इस अभियान में अपनी ताकत और पेशेवर क्षमता का अच्छा प्रदर्शन किया।
मोदी सरकार ने शहीद जवानों का किया सम्मान
अमित मालवीय ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने शहीद जवानों का पूरा सम्मान किया है। उनके नाम नेशनल वॉर मेमोरियल पर दर्ज हैं, जो उनके बलिदान की निशानी हैं। सरकार ने उनके परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं भी दी हैं, ताकि उनका सम्मान किया जा सके।
कांग्रेस ने शहादत को दिया राजनीति का रंग
अमित मालवीय ने कहा कि जहां सरकार ने सैनिकों की शहादत का सम्मान गरिमा से किया, वहीं विपक्ष ने इसे अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इतिहास में यह जरूर याद रखा जाएगा कि कौन देश के जवानों के साथ खड़ा रहा और किसने उनकी वीरता को बदनाम करने की कोशिश की।




