राहुल गांधी के कार्यक्रम की फीस पर पटवारी का सवाल- RSS के 1000 कार्यक्रमों की कितनी राशि ली?

JITU PATWARI

भोपाल। इंदौर में कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) को 10 लाख 8 हजार 175 रुपये जमा किए हैं। इसी राशि को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सरकार से सवाल किया है।

पटवारी ने सवाल उठाया कि मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पिछले कुछ वर्षों में करीब 1,000 से अधिक कार्यक्रम हुए हैं। ऐसे में सरकार बताए कि इन कार्यक्रमों के लिए संघ से कितनी राशि ली गई? क्या हर कार्यक्रम के लिए कोई शुल्क जमा कराया गया था?

पटवारी बोले- RSS से भी एक-एक कार्यक्रम की राशि ली गई?

पटवारी ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अगर आरएसएस के कार्यक्रमों के लिए भी शुल्क लिया गया है तो सरकार इसकी जानकारी सार्वजनिक करे। उन्होंने पूछा कि अगर संघ के कार्यक्रमों के लिए कोई शुल्क नहीं लिया गया, तो राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए कांग्रेस से 10 लाख रुपये क्यों लिए गए?

‘10 करोड़ रुपये भी मांगते तो देते’

पटवारी इससे पहले भी राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए जमा कराई गई राशि को लेकर बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के लिए यह राशि कोई बड़ा मुद्दा नहीं है। अगर 10 लाख रुपये की जगह 10 करोड़ रुपये भी मांगे जाते तो कांग्रेस कार्यकर्ता वह राशि जुटा लेते।

पटवारी के मुताबिक ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना है।

19 सितंबर को इंदौर में होगा कार्यक्रम

राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 12 हजार वर्ग मीटर का मैदान 17 से 19 सितंबर तक उपलब्ध कराया गया है। इसके लिए कांग्रेस ने आईडीए के खाते में 10 लाख 8 हजार 175 रुपये जमा किए हैं।

इससे पहले कांग्रेस ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम कराने की अनुमति मांगी थी। स्थान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने के बाद कार्यक्रम की तारीख 12 सितंबर से बदलकर 19 सितंबर की गई और बाद में रीजनल पार्क के सामने मैदान तय किया गया।

शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाएगी कांग्रेस

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाने की तैयारी में है। पार्टी की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाए जा रहे हैं।

राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। कार्यक्रम के जरिए छात्रों से शिक्षा व्यवस्था और उनके सामने आने वाली समस्याओं पर बातचीत की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *