PARLE के गोदाम से मिला एक्सपायर्ड स्टॉक, FDA ने मारा छापा, लाइसेंस सस्पेंड

raid

फ्रूटी, एप्पी फिज और कैंडी जूस जैसे लोकप्रिय पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनी पार्ले एग्रो के मुंबई स्थित वेयरहाउस पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान यहां बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड ड्रिंक्स का स्टॉक मिला, जिसके बाद अधिकारियों ने करीब 99,970 रुपये कीमत का सामान जब्त कर लिया और वेयरहाउस का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।

यह कार्रवाई मुंबई में चल रहे फूड सेफ्टी अभियान के तहत की गई। FDA की टीम ने चेंबूर के वाशी नाका इलाके में स्थित वेलोसिटी एक्सप्रेस वेयरहाउस पर छापा मारा। जांच के दौरान फ्रूटी, एप्पी फिज और कैंडी जूस के कई एक्सपायर्ड बैच पाए गए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कार्रवाई 13 अगस्त की शाम करीब 6 बजे शुरू हुई और 14 अगस्त की सुबह लगभग 5 बजे तक चली। इस दौरान FDA के आठ अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने एक्सपायर्ड स्टॉक जब्त करने के साथ-साथ वेयरहाउस को सील कर दिया और सामान ढोने में इस्तेमाल हो रहे दो वाहनों को भी कब्जे में ले लिया।

FDA ने साफ किया है कि अगले आदेश तक इस वेयरहाउस से किसी भी खाद्य या पेय पदार्थ की बिक्री, सप्लाई या आवाजाही नहीं की जा सकेगी। खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को देखते हुए वेयरहाउस का फूड बिजनेस लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया है।

फिलहाल यह जानकारी सामने नहीं आई है कि जब्त किया गया एक्सपायर्ड स्टॉक बाजार में पहुंचा था या किसी ग्राहक ने उसे खरीदा था। FDA ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

गौरतलब है कि महाराष्ट्र FDA इन दिनों मुंबई में खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर लगातार निरीक्षण कर रहा है। इससे पहले 12 अगस्त को डोमिनोज पिज्जा के चार आउटलेट्स के फूड बिजनेस लाइसेंस भी निलंबित किए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *