एमपी के स्वास्थ मंत्री ने कहा, बीमारियों का बढ़ रहा बोझ, इसे रोकना जरूरी

भोपाल। भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज का 71वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्यअतिथी उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रहे। उन्होंने गांधी मेडिकल कॉलेज में पूर्व छात्रों के सहयोग से निर्मित आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, डीन जीएमसी डॉ. कविता सिंह, अधीक्षक हमीदिया अस्पताल डॉ. सुनीत टंडन, जीएमसी एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गुरुदत्त तिवारी, सचिव डॉ. अजय मेहता, डॉ. ललित श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ चिकित्सक, पूर्व छात्र, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य सेवाओं का किया जा रहा विस्तार

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना का सतत विस्तार किया जा रहा है। एमबीबीएस, पीजी और विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा की सीटों में निरंतर वृद्धि की जा रही है। प्राथमिक, द्वितीयक और तृतीय तीनों स्तरों की स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त किया जा रहा है और सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेशवासियों को अत्याधुनिक और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदेश के भीतर ही उपलब्ध हों। किसी भी नागरिक को बेहतर उपचार के लिए प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य अधोसंरचना और सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

बीमारी की रोकथाम पर फोकस

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि वर्तमान समय में बीमारियों का बोझ बढ़ रहा है। इसलिए केवल बीमारी के उपचार तक सीमित रहने के बजाय प्रिवेंटिव हेल्थ केयर और बीमारी की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता, पोषण और जागरूकता के माध्यम से बीमारी के मूल कारणों को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जल जीवन मिशन, प्राकृतिक खेती और अन्य आधारभूत सेवाओं को सशक्त करने जैसे प्रयासों से बीमारी के मूल कारणों को नियंत्रित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हो रहा है।

फुटसल एरीना का शुभांरभ

गांधी मेडिकल कॉलेज एलुमनाई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. गुरुदत्त तिवारी ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर एलुमनाई एसोसिएशन द्वारा लगभग 9,000 वर्गफुट क्षेत्र में निर्मित आधुनिक फुटसल स्पोर्ट्स एरीना गांधी मेडिकल कॉलेज को समर्पित किया गया है। इसकी अनुमानित लागत लगभग 35 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि यह खेल परिसर विद्यार्थियों में फिटनेस, टीमवर्क, अनुशासन और तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने में उपयोगी होगा। एलुमनाई एसोसिएशन ने संस्था को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए लगभग 1 करोड़ रुपये का स्थायी कॉर्पस फंड (एफडी) भी तैयार किया है, जिससे भविष्य में कॉलेज और छात्र हित के विकास कार्य निरंतर किए जा सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *