MP Education Department Recruitment: समग्र शिक्षा अभियान के तहत विकासखंड अकादमिक समन्वयक (BAC) और जन शिक्षक के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रत्येक विकासखंड स्रोत केंद्र में पांच विकासखंड अकादमिक समन्वयकों की नियुक्ति की जाएगी, जबकि प्रत्येक 21 विद्यालयों पर एक जनशिक्षा केंद्र के मान से हर केंद्र में दो जन शिक्षकों की तैनाती होगी। राज्य शिक्षा केंद्र ने सभी जिलों को 20 सितंबर 2026 तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इन पदों के लिए 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 52 वर्ष से कम आयु के उच्च श्रेणी और माध्यमिक शिक्षक पात्र होंगे। चयन जिला स्तरीय समिति के माध्यम से किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार 25 जुलाई तक वरिष्ठता सूची तैयार होगी, 5 अगस्त को काउंसलिंग आयोजित की जाएगी और 13 अगस्त को अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
MP Education Department Recruitment: मध्य प्रदेश में समग्र शिक्षा अभियान मिशन के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विकासखंड अकादमिक समन्वयक (BAC) और जन शिक्षक के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। राज्य शिक्षा केंद्र ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्धारित समयसीमा के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार, सभी नियुक्तियां 20 सितंबर 2026 तक पूरी कर ली जाएंगी।
विकासखंड स्तर पर भरे जाएंगे पद
जारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विकासखंड स्रोत केंद्र कार्यालय में विकासखंड अकादमिक समन्वयक के पांच पद भरे जाएंगे। वहीं, प्रत्येक 21 स्कूलों के समूह पर एक जनशिक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जहां दो-दो जन शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों की बेहतर निगरानी और गुणवत्ता सुधार सुनिश्चित करना है।
इन शिक्षकों को मिलेगा आवेदन का अवसर
राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक हरजिंदर सिंह के अनुसार केवल उच्च श्रेणी शिक्षक और माध्यमिक शिक्षक ही इन पदों के लिए पात्र होंगे। उम्मीदवार की आयु 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 52 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा संबंधित शिक्षक के खिलाफ कोई विभागीय जांच, आपराधिक मामला या लंबे समय तक अनधिकृत अनुपस्थिति से जुड़ा प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए।
जिला स्तर पर बनेगी चयन समिति
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक जिले में समिति गठित की जाएगी। इस समिति में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त (जनजातीय कार्य), डाइट प्राचार्य, जिला परियोजना समन्वयक, सहायक परियोजना समन्वयक और कलेक्टर के नामित प्रतिनिधि शामिल होंगे। यही समिति काउंसलिंग और अंतिम चयन प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
यह रहेगा पूरा चयन कार्यक्रम
25 जुलाई 2026: विषय एवं समूहवार वरिष्ठता सूची तैयार की जाएगी।
5 अगस्त 2026: जिला स्तर पर काउंसलिंग आयोजित होगी।
13 अगस्त 2026: अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
20 सितंबर 2026: नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा मजबूती
राज्य शिक्षा केंद्र का मानना है कि समयबद्ध नियुक्तियों से विकासखंड और जनशिक्षा केंद्रों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी। इससे विद्यालयों की शैक्षणिक मॉनिटरिंग मजबूत होगी और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में मदद मिलेगी।




