चलती स्कॉर्पियो बनी आग का गोला, रीवा से ब्यौहारी जा रहा परिवार बाल-बाल बचा, धू-धू कर जला वाहन

Moving Scorpio becomes a ball of fire

शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रीवा से ब्यौहारी की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो में अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया, लेकिन सुखद पहलू यह रहा कि समय रहते वाहन सवार परिवार सुरक्षित बाहर निकल आया।

केबिन में धुआं उठते ही दिखाई सूझबूझ

जानकारी के मुताबिक, रोहानी प्रसाद गुप्ता अपने परिवार के साथ स्कॉर्पियो से सफर कर रहे थे। जैसे ही वाहन देवलौंद नगर की सीमा में प्रवेश किया, अचानक केबिन के अंदर घना धुआं भरने लगा। चालक ने खतरे को भांपते हुए तुरंत गाड़ी सड़क किनारे खड़ी की। परिवार के सभी सदस्य जैसे ही नीचे उतरे, आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी आग की लपटों के बीच घिर गई।

सामान निकालने तक का नहीं मिला समय

आग इतनी भयावह थी कि यात्रियों को अपना कीमती सामान, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज निकालने का अवसर तक नहीं मिला। देखते ही देखते परिवार की आंखों के सामने ही सब कुछ जलकर राख हो गया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल डायल 100 और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक वाहन केवल लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुका था।

शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण

मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का मुख्य कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। गनीमत रही कि परिवार ने धुआं उठते ही गाड़ी रोक दी, अन्यथा कोई बड़ी जनहानि हो सकती थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *