रीवा में गेहूं चोरी के विवाद में मां-बेटी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला, गंभीर हालत में भर्ती

Mother and daughter attacked with axe in Rewa over wheat theft dispute

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मुहरवा गाँव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ गेहूं चोरी की पुरानी रंजिश को लेकर एक सनकी आरोपी ने मां-बेटी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, जिन्हें लहूलुहान हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद से ही पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

चोरी की शिकायत बनी रंजिश की वजह
पीड़िता पूनम पाठक के अनुसार, विवाद की शुरुआत बीती 1 मई को हुई थी जब आरोपी अशोक कुशवाहा ने उनके घर से गेहूं चोरी कर लिया था। इस घटना की शिकायत जब पुलिस से की गई, तो आरोपी ने कानूनी कार्रवाई के डर से पुलिस के सामने एक बोरी गेहूं वापस तो कर दिया, लेकिन वह इस बात से बुरी तरह खार खाए बैठा था। इसके बाद से ही आरोपी लगातार पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा था।

जमीन सीमांकन के दौरान खूनी झड़प
यह रंजिश बुधवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब आरोपी अशोक कुशवाहा अपनी जमीन का सीमांकन करा रहा था। आरोप है कि इस दौरान वह जबरन पीड़िता की जमीन पर पत्थर गाड़ने लगा। जब पूनम पाठक और उनकी मां विद्यावती पाठक ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी तैश में आ गया। उसने पास ही रखी कुल्हाड़ी उठाई और दोनों महिलाओं पर जानलेवा हमला बोल दिया। कुल्हाड़ी के वार से मां-बेटी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

अस्पताल में इलाज जारी, जाँच में जुटी पुलिस
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हुए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुँचकर दोनों घायल महिलाओं को संभाला। पुलिस ने लहूलुहान हालत में मां-बेटी को तुरंत उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। फिलहाल, सेमरिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ जाँच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *