रीवा-रानी कमलापति और सतना-कटनी के बीच चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, दुर्गा पूजा और दीपावली पर यात्रियों को राहत

Puja Special trains will run from Rewa to Rani Kamlapati and Dr. Ambedkar Nagar during the festive season.

दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ महापर्व जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को सुगम बनाने के लिए पश्चिम मध्य रेल ने बड़ा कदम उठाया है। त्योहारी सीजन में विंध्य क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को कन्फर्म टिकट और आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इस कड़ी में रीवा और रानी कमलापति के बीच साप्ताहिक सुपरफास्ट पूजा स्पेशल ट्रेन चार-चार फेरों में संचालित की जाएगी। रीवा से यह गाड़ी 17 और 24 अक्टूबर तथा 07 और 14 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे प्रस्थान कर रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन रानी कमलापति से रात 10:15 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा लौटेगी। अपने मार्ग में यह ट्रेन सतना, मैहर, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, बीना और विदिशा स्टेशनों पर ठहराव लेगी।

इसके अतिरिक्त, यात्रियों की स्थानीय मांग को देखते हुए कटनी-सतना-कटनी के मध्य प्रतिदिन अनारक्षित स्पेशल ट्रेन के 13 फेरे चलाए जाएंगे। यह पैसेंजर/अनारक्षित ट्रेन कटनी से सुबह 5:45 बजे चलकर 8:45 बजे सतना पहुंचेगी और वापसी में सतना से शाम 6:30 बजे चलकर रात 8:50 बजे कटनी वापस लौटेगी। यह ट्रेन पटवारा, झुकेही, पकरिया रोड, अमदरा, घुनवारा, भदनपुर, मैहर, उंचेहरा और लगड़गवां स्टेशनों पर रुकेगी। इन सभी स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए एसी, शयनयान और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *