रीवा में एटीएम कार्ड बदलकर बुजुर्ग रिटायर्ड प्रोफेसर के खाते से उड़ाए ₹30,000

Money was stolen from the account of an elderly retired professor by changing his ATM card.

रीवा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से साइबर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शातिर बदमाश ने मदद करने के बहाने एक बुजुर्ग रिटायर्ड प्रोफेसर और पूर्व प्रिंसिपल को अपना शिकार बनाया। ठग ने बड़ी ही चालाकी से उनका असली एटीएम कार्ड बदला और चंद मिनटों में उनके खाते से ₹30,000 पार कर दिए। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

बातों में उलझाकर बदला कार्ड, पिन भी किया चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित विनोद कुमार श्रीवास्तव (रिटायर्ड प्रोफेसर एवं पूर्व प्रिंसिपल) रविवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे राजपूत गंज फैक्ट्री मिल्क प्योर डेयरी के सामने स्थित एटीएम बूथ पर पैसे निकालने गए थे। वहां पहले से ही एक अज्ञात शातिर बदमाश घात लगाए खड़ा था। प्रोफेसर को बुजुर्ग देखकर उसने आदर भाव दिखाते हुए उन्हें पहले पैसे निकालने का झांसा दिया। जैसे ही प्रोफेसर ने मशीन में अपना कार्ड स्वाइप कर पिन दर्ज किया और 20 हजार रुपये निकालने की कोशिश की, तभी बदमाश ने उन्हें अपनी बातों के जाल में उलझा लिया।

आरोपी ने कहा कि उन्होंने पैसे निकालने की प्रक्रिया गलत की है। इसके बाद मदद करने के बहाने उसने बेहद सफाई से प्रोफेसर का असली एटीएम कार्ड अपनी जेब में रख लिया और मशीन में एक डुप्लीकेट कार्ड फंसाकर वहां से रफूचक्कर हो गया। इस पूरी चालाकी के दौरान शातिर ठग ने प्रोफेसर का गोपनीय पिन नंबर भी देख लिया था।

तीन बार में साफ किए तीस हजार रुपये
असली कार्ड और पिन हाथ लगते ही बदमाश ने कुछ ही देर में पीड़ित के खाते पर हाथ साफ कर दिया। उसने अलग-अलग बार में 10-10 हजार रुपये करके कुल तीन बार में ₹30,000 निकाल लिए। बुजुर्ग प्रोफेसर को ठगी का अहसास तब हुआ जब उनके मोबाइल फोन पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने शुरू हुए।

पीड़ित ने दिखाई सूझबूझ, पुलिस जांच में जुटी
खाते से पैसे उड़ने की जानकारी मिलते ही प्रोफेसर ने तुरंत सूझबूझ दिखाई। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज कराई और अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक करवाया, जिससे बड़ी रकम चोरी होने से बच गई। इसके बाद वे सीधे सिविल लाइन थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और एटीएम बूथ के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *