रीवा में पटाखा गोदाम पर पुलिस का बड़ा एक्शन, लाखों के अवैध ओवरस्टॉक जब्त, रिहायशी इलाके में बड़ा खतरा

Major police action on firecracker warehouse in Rewa

Major police action on firecracker warehouse in Rewa: दीपावली से पहले रीवा पुलिस ने अवैध पटाखा कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के रिहायशी इलाके में स्थित एक थोक व्यापारी के गोदाम से क्षमता से कई गुना अधिक और अवैध रूप से स्टॉक किए गए लाखों रुपये के पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, क्योंकि यह गोदाम घनी आबादी के बीच स्थित था और किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।

एसपी के निर्देश पर विशेष टीम की छापेमारी

पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान के निर्देश पर एसडीओपी मानस्वी शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने शुक्रवार रात चौराहाटा थाना क्षेत्र के मैदानी इलाके में स्थित थोक पटाखा व्यापारी दीपू गुप्ता के गोदाम पर छापा मारा। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि व्यापारी ने बिक्री बढ़ाने के लालच में तय सीमा से अधिक विस्फोटक सामग्री का भंडारण कर रखा है, जिससे लोगों की जान को खतरा हो सकता है।

क्षमता से अधिक विस्फोटक सामग्री बरामद, BDS टीम बुलाई गई

छापेमारी के दौरान पुलिस को गोदाम में भारी मात्रा में बक्सों और खुले रूप में रखे गए पटाखे मिले, जिससे पुलिस और प्रशासन भी सकते में आ गया। पटाखों की मात्रा इतनी अधिक थी कि पूरे रिहायशी क्षेत्र के लिए विस्फोट का बड़ा खतरा बना हुआ था। तत्काल मौके पर बम निरोधक दस्ता (BDS) बुलाया गया, जो बरामद विस्फोटक सामग्री की जांच कर रहा है।

गोदाम सील, व्यापारी के लाइसेंस की होगी जांच

एसडीओपी मानस्वी शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भंडारण की तय सीमा का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया है। रिहायशी क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह गंभीर सुरक्षा खतरा भी है। पुलिस ने तत्काल गोदाम को सील कर दिया है और दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि विस्फोटक अधिनियम और कलेक्टर के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई की गई है और अब व्यापारी के लाइसेंस और खातों की गहन जांच की जाएगी।

पहले हो चुका था निरीक्षण, लेकिन नहीं हुई थी कार्रवाई

हैरानी की बात यह है कि इस सफल छापेमारी से कुछ ही घंटे पहले रीवा पुलिस की एक अन्य टीम और दो दिन पहले प्रशासनिक अमला भी इसी गोदाम का निरीक्षण कर चुका था, लेकिन तब कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इसके बाद एसपी ने विशेष टीम गठित कर यह बड़ी कार्रवाई की।

पुलिस ने चेतावनी जारी की है कि रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल, पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *