Khan Sir Coaching Patna Firing News: पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है, जहां देश के चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर (Khan Sir) की कोचिंग ग्लोबल स्टडीज (Global Studies) पर मंगलवार रात हमला किया गया। इस हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग परिसर में घुसकर हंगामा करते, गार्ड के साथ मारपीट करते और पोस्टर फाड़ते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान ईंट-पत्थर चलने की भी बात सामने आई है।
खान सर का आरोप है कि हमलावरों ने उनके सिक्योरिटी गार्ड को बुरी तरह पीटा, जिससे उसका सिर फूट गया। घायल गार्ड को इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए।
हालांकि इस मामले में एक बड़ा मोड़ भी आया। घटना के तुरंत बाद खान सर ने दावा किया था कि हमले के दौरान 8 से 10 राउंड फायरिंग भी हुई थी। लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान में बदलाव करते हुए कहा कि माहौल इतना तनावपूर्ण था कि उन्हें ठीक से समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या था। पटना पुलिस ने भी विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि जाँच में फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है. खान सर द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई जिक्र नहीं है। वहीं पटना पुलिस ने भी साफ तौर पर कहा है कि अब तक फायरिंग के कोई सबूत नहीं मिले हैं।
अब बात करते हैं कि आखिर विवाद शुरू कैसे हुआ? जानकारी के मुताबिक खान सर की कोचिंग के ठीक बगल में ज्ञान बिंदु कोचिंग संचालित होती है। बताया जा रहा है कि बिहार पुलिस में चयनित 12 हजार छात्रों के सम्मान समारोह का एक पोस्टर लगाया गया था। आरोप है कि यह पोस्टर ज्ञान बिंदु कोचिंग के बोर्ड के ऊपर लग गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
खान सर ने इस हमले के लिए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर और उनके कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल तीनों से पूछताछ की जा रही है और रोशन आनंद को पटना के दीघा थाने में रखा गया है।
वहीं इस पूरे मामले पर पटना के पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने कहा है कि कोचिंग में मारपीट और पोस्टर फाड़ने की घटना हुई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जो भी व्यक्ति इस घटना में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर खान सर ने ये भी कहा कि वो बिहार सीएम सम्राट चौधरी की कार्रवाई से खुश हैं.
इस घटना के बाद खान सर के स्टूडेंट्स सड़क पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं. स्टूडेंट्स की मांग है कि, जबतक खान सर को सुरक्षा नहीं मिलेगी वो कोचिंग के बाहर से नहीं हटेंगे। बहरहाल खान सर के घर के बाहर सुरक्षा के लुए पुलिस तैनात है, पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और और CCTV रिकॉर्ड्स चेक कर अन्य हमलावरों की तलाश की जा रही है. इस घटना से जुड़े अहम अपडेट्स शब्द साँची आपतक पहुँचाने का काम करता रहेगा।




