मैहर में दर्दनाक सड़क हादसा: खड़ी बस से टकराया क्लिंकर से भरा अनियंत्रित ट्रक, यूपी के चालक की मौत

Tragic road accident in Maihar

मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामवन पथ गमन मार्ग पर उमरी पैला के पास शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहाँ सीमेंट कारखाने से क्लिंकर भरकर उत्तर प्रदेश जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़ी बस से सीधे जा टकराया, जिससे ट्रक चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक ट्रक चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 33 वर्षीय नीरज सिंह के रूप में हुई है, जो सीमेंट कारखाने से क्लिंकर लेकर रायबरेली की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारियों के अनुसार, सफर के दौरान अचानक चालक की तबीयत बिगड़ गई जिसके कारण वाहन पर से उसका नियंत्रण छूट गया और यह हादसा हुआ।

जिस बस से ट्रक टकराया वह चित्रकूट से आंखों का इलाज करवाकर वापस लौट रहे यात्रियों को लेकर डिंडौरी की ओर जा रही थी। रास्ते में अचानक बस का पहिया पंचर हो जाने के कारण चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर उसका पहिया बदलने का काम कर रहा था और इसी दौरान यह बेकाबू ट्रक आकर उससे जा भिड़ा।

बस में सवार यात्री ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि हादसे के वक्त सभी यात्री बस से उतरकर सड़क किनारे बैठे हुए थे; दुर्घटना के बाद जब उन्होंने पास जाकर देखा तो ट्रक चालक के मुंह से झाग निकल रहा था, जिसे देखकर यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वाहन चलाते समय चालक को दिल का दौरा पड़ा होगा, हालांकि मौत की असली और पुख्ता वजह डॉक्टरी परीक्षण की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल स्थानीय पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के असल कारणों की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *