दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। पूरे इलाके को लोहे के बैरिकेड लगाकर सील कर दिया गया है, ताकि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर तैनात हैं, जबकि आसपास के सभी रास्तों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने बैरिकेड्स को जंजीरों से बांधकर कई जगह सील किया है, जिससे कोई भी प्रदर्शनकारी उन्हें हटाकर आगे न बढ़ सके। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और हालात पर पल-पल की निगरानी की जा रही है।
इधर, नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ CJP का प्रदर्शन लगातार जारी है। संगठन 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहा है और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
प्रदर्शन के बीच मध्य दिल्ली के कुछ इलाकों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी तौर पर बंद कर दी गई हैं। इस फैसले को लेकर कानूनी सेवा संगठन सॉफ्टवेयर फ्रीडम लॉ सेंटर ने अदालत का रुख किया है। संगठन ने अपनी याचिका में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 17, 20, 22 और 23 जुलाई को जारी इंटरनेट बंदी के आदेशों को रद्द करने की मांग की है।
फिलहाल जंतर-मंतर और उसके आसपास का पूरा इलाका सुरक्षा घेरे में है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




