एमपी कैबिनेटः सरकार देगी अग्निवीरों को आरक्षण, 24 हजार 500 करोड़ रूपये की दी स्वीकृति

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद ने प्रदेश के समग्र विकास और जनहित को गति देने के लिए लगभग 24 हजार 500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं को मंजूरी दी।

अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण

एमपी सरकार ने युवाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए मंत्रि-परिषद ने पुलिस आरक्षक, विशेष सशस्त्र बल, जेल प्रहरी, वन रक्षक और आबकारी आरक्षक जैसी वर्दीधारी सेवाओं में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का बड़ा फैसला किया है।

शिक्षा के लिए बजट

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 76 हजार से अधिक अतिथि शिक्षकों के मानदेय के लिए आगामी पांच वर्षों के लिए 5,329.17 करोड़ रुपये, स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश राशि के लिए 348 करोड़ 7 लाख रुपये तथा स्वास्थ्य केंद्रों व औषधि नियंत्रण के लिए 3,245 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। अधोसंरचना विस्तार के तहत 4,470 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से दमोह-कटनी 4-लेन मार्ग निर्माण, ग्रामीण विकास निधि के लिए 3,580 करोड़ 22 लाख रुपयें और सिंहस्थ 2028 के दृष्टिगत उज्जैन की कान्ह डायवर्सन परियोजना सहित दतिया, नीमच व सागर की बंडा वृहद सिंचाई परियोजनाओं की निरंतरता को स्वीकृति दी गई। यह निर्णय प्रदेश में रोजगार, बुनियादी ढांचे और सामाजिक कल्याण को गति प्रदान करेंगे।

इन प्रमुख बिंदुओ पर सरकार का फैसला

24 हजार 500 करोड़ रूपये की स्वीकृति
-युवाओं के हित में ऐतिहासिक निर्णय – अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की स्वीकृति, पुलिस आरक्षक सहित विशेष सशस्त्र बल,जेल प्रहरी,वन रक्षक और आबकारी आरक्षक के पदों पर आरक्षण मिलेगा।
-कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को गणवेश की राशि प्रदाय करने के लिए 348 करोड 7 लाख रूपये की स्वीकृति तथा अतिथि शिक्षकों को मानदेय प्रदाय करने के लिए 5 हजार 329 करोड़ 17 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई है।
-सिंगरौली में 605 बिस्तरीय जिला चिकित्सालय निर्माण के लिए 372 करोड़ 12 लाख रूपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति
-दमोह-कटनी मार्ग के निर्माण के लिए 4470.30 करोड़ रूपये की स्वीकृति
-लोक स्वास्थ्य केंद्रों, ड्रग रेग्युलेटरी सिस्टम के सुदृढीकरण और औषधि नियंत्रण के लिए 3245.80 करोड़ रूपये की स्वीकृति
-छिन्दवाडा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल के निर्माण के लिए 953.69 करोड़ रूपये की पुनरीक्षित प्रशासकीय स्वीकृति
-दतिया की माँ रतनगढ़ बहुउद्देशीय सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिये 1,608.02 करोड़ रूपये की स्वीकृति
-नीमच की रामपुरा मनासा सूक्ष्म उद्वहन सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिए 524 करोड़ 65 लाख रूपये की स्वीकृति
-उज्जैन की कान्ह डायवर्सन क्लोस डक्ट परियोजना के निरंतर संचालन के लिए 358 करोड़ 22 लाख रूपये की स्वीकृति
-सागर की बण्डा वृहद सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिए 1,052 करोड़ रूपये की स्वीकृति
-विमुक्त, घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु कल्याण विभाग के छात्रावास, आश्रम और सामुदायिक कल्याण केन्द्रों में रहवासियों के लिए एक रूपये प्रति किलोग्राम की दर से खाद्यान्न वितरण की स्वीकृति
-मउगंज, छिन्दवाडा, मैहर और टीकमगढ जिलों में नवीन जिला हाथकरघा कार्यालय के लिए 12 नवीन पदों के सृजन की स्वीकृति
-भूमि के अंतरण पर उपकर का ग्रामीण विकास निधि में अंतरण की
-योजना की निरंतरता के लिए 3 हजार 580 करोड़ 22 लाख रूपये की स्वीकृति
-विधि विभाग की 14 योजनाओं के लिए 1 हजार 342 करोड़ 48 लाख रुपये की स्वीकृति
-न्यायालयों के निर्वाह पत्र तामिल से संबंधित योजना की निरंतरता के लिए 622 करोड़ 37 लाख रूपये की स्वीकृति
-वनोपज एवं खनिज परिवहन के अभिवहन शुल्क की नई दरों का अनुमोदन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *