रीवा में भीषण सड़क हादसा: जैन धर्मगुरु श्रुतमती माता जी का निधन, उपसमती माता जी वेंटिलेटर पर

Jain religious leader Shrutmati Mata ji dies in a horrific road accident in Rewa

रीवा: सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पुलिस कंट्रोल रूम के पास कलेक्ट्रेट के सामने बुधवार सुबह करीब पौने छह बजे एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे जैन समाज को झकझोर कर रख दिया है। कटरा जैन मंदिर में चातुर्मास प्रवास पर आईं जैन महिला धर्मगुरु सुबह दैनिक शौच क्रिया के बाद सड़क किनारे की पट्टी से वापस लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार सफेद रंग की कार ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया और चालक गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। इस भीषण टक्कर में श्रुतमती माता जी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उपसमती माता जी और एक अन्य सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे की सूचना मिलते ही जैन समाज में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में घायलों को संजय गांधी अस्पताल लाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए संभागायुक्त, कलेक्टर और एसपी समेत तमाम वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे और इलाज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डॉक्टरों के मुताबिक, गंभीर रूप से घायल उपसमती माता जी की हालत नाजुक बनी हुई है और वे आईसीयू में वेंटिलेटर पर हैं, जहां मेडिकल टीम उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास कर रही है।

जबलपुर से कार जब्त, दोपहर में दी गई समाधि
इधर, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैन समाज के लोगों ने श्रुतमती माता जी के पार्थिव शरीर को कटरा स्थित जैन मंदिर में अंतिम दर्शन के लिए रखा, जहां भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद दोपहर में पूरे विधि-विधान के साथ उन्हें समाधि दी गई। गौरतलब है कि जैन समाज के विशेष आग्रह पर ये धर्मगुरु सतना से रीवा प्रवास पर आई थीं, जिनके साथ हुए इस हादसे से पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाली सफेद रंग की कार को जबलपुर से जब्त कर लिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *