सिंगरौली: अवैध संबंधों के चलते पति-पत्नी ने मिलकर की प्रेमी की हत्या, 24 घंटे में दंपती गिरफ्तार

Husband and wife conspire to murder lover over illicit affair in Singrauli.

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले की चितरंगी थाना पुलिस ने एक अंधी हत्या का महज़ 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि महिला के प्रेमी की पति और पत्नी ने मिलकर चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी थी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया था।

पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई की रात मड़सड़ा गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान परसौना निवासी 24 वर्षीय बल्लू यादव के रूप में की गई। शव के सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से कई गंभीर वार किए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की और 24 घंटे के अंदर आरोपियों तक पहुँच गई।

जांच में खुलासा हुआ कि मृतक बल्लू यादव का आरोपी रामायण कोल की पत्नी प्रियंका कोल के साथ लंबे समय से अवैध संबंध था। जब रामायण काम के सिलसिले में बाहर रहता था, तब दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी थीं। घटना वाले दिन जब रामायण घर लौटा, तो उसकी पत्नी प्रियंका ने उसे बल्लू के साथ अपने संबंधों के बारे में सब बता दिया।

इसके बाद दोनों ने मिलकर बल्लू यादव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। योजना के तहत बल्लू को मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को सड़क किनारे फेंक दिया और फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई कार्रवाई को लेकर चितरंगी पुलिस ने बताया कि कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *