नईदिल्ली। चुनाव आयोग के कामकाज और एसआईआर को लेकर देश में विरोध तेज हो गया है। आज 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर एसआईआर के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है। चुनाव आयोग में हुई असहमतियों और एसआईआर को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है। एसआईआर यानी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूचियों के सत्यापन और संशोधन को लेकर विपक्ष और प्रदर्शनकारी संगठनों की तरफ से सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं या हटाए जाने की आशंका है। हालांकि चुनाव आयोग एसआईआर की प्रक्रिया का बचाव करता रहा है।
दिल्ली का जंतर-मंतर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आम आदमी पार्टी, लेफ्ट से जुड़े संगठन, छात्र संगठन और दूसरे सामाजिक संगठन प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे हैं। छात्र संगठनों की भागीदारी भी सामने आई है। इस प्रदर्शन का आह्वान छात्र और सामाजिक संगठनों के साथ-साथ विपक्ष से जुड़े नेताओं की तरफ से किया गया था। हालांकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। इसके बावजूद आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज,सुबह जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने कहा कि वह सुबह बिना कार के जंतर-मंतर पहुंचे हैं और उन्होंने लोगों से भी जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि उन्हें भरोसा है कि बड़ी संख्या में जेन-जी, युवा और महिलाएं चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जंतर-मंतर पहुंचेंगी। आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा भी जंतर-मंतर पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदर्शन करने के लिए अनुमति की जरूरत होती है? उन्होंने कहा कि यह गांधी का देश है। मनोज झा ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार और चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा।
लगे नारे, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ के नारे लगाते हुए कई प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर की तरफ बढ़ रहे थे। पुलिस ने बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या 150 से ज्यादा बताई जा रही है। इनमें आप नेता सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजीव झा समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता यानी बीएनएसएस की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत बिना लिखित अनुमति के पांच या उससे ज्यादा लोगों की सभा, जुलूस, प्रदर्शन, धरना और नारेबाजी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।
दिल्ली में इंटरनेट सेवाएं बंद
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। ख्8,प्रदर्शन को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। रिपोर्टों के मुताबिक जंतर-मंतर के आसपास करीब डेढ़ किलोमीटर के इलाके में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं भी अस्थायी तौर पर बंद की गई हैं और यह व्यवस्था आधी रात तक रहने की जानकारी सामने आई है।
बंद किए गए 12 मेट्रो स्टेशन
जंतर-मंतर पर पुलिस, आरएएफ जवान तैनात किए गए हैं। एहतियात के तौर पर आसपास के 12 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। इनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस और लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन शामिल हैं।
मुंबई के शिवाजी पार्क में सीजेपी
मुंबई के शिवाजी पार्क में भी आज चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन होने वाला है। कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी ने आज मुंबई के शिवाजी पार्क में प्रदर्शन कर रहा है। सीजेपी की तरफ से इसे जेल भरों आंदोलन बताया गया है। संगठन की प्रमुख मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की है। प्रदर्शन को देखते हुए शिवाजी पार्क में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और प्रदर्शन को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
आंदोलन की अनुमति नही
मुंबई पुलिस ने शिवाजी पार्क में इस प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद सीजेपी ने प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। गांधी जयंती के दिन दिल्ली से लेकर मुंबई तक चुनाव आयोग, एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। अब आने वाले दिनों में यह विरोध किस दिशा में जाता है और चुनाव आयोग या सरकार की तरफ से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।




