उज्जैन शाही मस्जिद के पास 500 मीटर तक बैरिकेडिंग, कड़ी सुरक्षा के बीच अदा हुई जुमे की नमाज

UJJAIN

उज्जैन। शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान सोमवार को हुए उपद्रव के बाद शुक्रवार को पांचवें दिन भी उज्जैन में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। जुमे की नमाज को देखते हुए शाही मस्जिद और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। कड़ी निगरानी के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्वक अदा की गई।

शाही मस्जिद के आसपास करीब 500 मीटर तक बैरिकेडिंग की गई है और कई रास्तों पर आम लोगों की आवाजाही नियंत्रित की गई। गुदरी चौराहा, कंठाल, खारा कुआं थाना क्षेत्र और गेबी हनुमान मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस तैनात रही। संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए और आने-जाने वालों पर नजर रखी गई।

RAF, STF और CRPF की कंपनियां तैनात

एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था में RAF, STF और CRPF की कुल तीन कंपनियां तैनात हैं। इसके अलावा दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक पूरे शहर में 2,000 से ज्यादा और 2,500 से अधिक जवानों की तैनाती की गई है।

पुलिस का फोकस संवेदनशील इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने पर है। एसपी प्रदीप शर्मा खुद भी इलाके में गश्त करते नजर आए।

8 ड्रोन और 100 से ज्यादा CCTV से निगरानी

शाही मस्जिद और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में 8 ड्रोन और 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। पुलिस ने प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग के साथ चेकिंग भी बढ़ाई है।

सोमवार को मार्ग चौड़ीकरण के लिए शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने के दौरान स्थिति बिगड़ गई थी और पथराव हुआ था। इसके बाद से पुलिस लगातार संवेदनशील इलाकों की निगरानी कर रही है। गुरुवार को मस्जिद की मीनार का एक हिस्सा टूटकर छत पर गिरने के बाद शुक्रवार की सुरक्षा व्यवस्था और बढ़ा दी गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

फिलहाल प्रशासन का जोर शहर में शांति बनाए रखने और जुमे की नमाज के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *