Horrific accident at the saman overbridge in Rewa: मध्य प्रदेश के रीवा शहर के समान थाना क्षेत्र में समान ओवरब्रिज पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार बोलेरो के चालक ने लापरवाही से साइड बदलते हुए एक-एक कर तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इस हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जिसकी पहचान रितेश मिश्रा निवासी हटवा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रितेश सतना की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे और अपनी पल्सर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, लेकिन बेटे के घर पहुंचने से पहले ही यह भयावह हादसा हो गया। टक्कर के बाद भागने की कोशिश में बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसके चलते पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन सवारों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को तत्काल निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : रीवा में तेज रफ्तार कार का भीषण हादसा: 5 युवक गंभीर रूप से घायल, नीम का पेड़ टूटा, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
घटना बीती रात ओवरब्रिज के ऊपर हुई। एक गवाह ने बताया, “हम अपनी मोटरसाइकिल पर सही साइड में थे, लेकिन बोलेरो इतनी तेज थी कि अचानक इधर आ गई। साइड बदलने के बाद सीधी टक्कर हो गई। मेरा दोस्त पीछे था, उसे ज्यादा चोट लगी। मैं तो पीछे गिर गया, लेकिन बोलेरो पलट गई और मेरी गाड़ी उसके नीचे दब गई।” हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, और तीनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। बोलेरो के पलटने से एक बाइक उसके नीचे दब गई, जिसे पुलिस ने बाद में क्रेन से निकाला।
समान थाने के अधिकारी ने बताया, “सूचना मिलते ही हम तत्काल पहुंचे। कुल पांच घायल हैं, जिनमें एक की मौत हो चुकी है। तीन बाइक और बोलेरो डैमेज हुई हैं। बोलेरो सवार भाग रहे थे, लेकिन वाहन पलटने से पकड़े गए।” पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण बताया है। फिलहाल, मामले की जांच चल रही है, और बोलेरो सवारों के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और मौत का कारण बनने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
