रीवा में बीच सड़क पर नशे में धुत महिला का हाईवोल्टेज ड्रामा, राहगीरों के पकड़े कॉलर, गालियां दीं

High voltage drama of drunk woman on the middle of the road in Rewa

रीवा। शहर के समान थाना क्षेत्र में सोमवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत एक महिला ने बीच सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। समान नाका स्थित शराब दुकान के सामने हुए इस हंगामे ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दीं। महिला की हालत इतनी खराब थी कि वह न केवल आने-जाने वालों को भद्दी-भद्दी गालियां दे रही थी, बल्कि उसने सड़क से गुजर रहे लोगों के कॉलर पकड़कर उन्हें घसीटना भी शुरू कर दिया। घंटों चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आने-जाने वाले लोग दहशत में नजर आए।

चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस स्थान पर यह पूरा घटनाक्रम घटित हुआ, वहां से समान थाना महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद, घंटों तक चले इस उपद्रव की भनक पुलिस को नहीं लगी या पुलिस ने मौके पर पहुंचना मुनासिब नहीं समझा। वहां मौजूद लोग लंबे समय तक तमाशबीन बनकर वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी नशे में धुत महिला को रोकने का साहस नहीं दिखाया। काफी देर बाद जब हंगामा चरम पर पहुंच गया, तब महिला के परिवार का एक सदस्य मौके पर पहुंचा और उसे समझा-बुझाकर अपने साथ घर ले गया।

स्थानीय निवासियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि समान नाका स्थित शराब दुकान के बाहर आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। लोग सड़क पर ही खुलेआम जाम छलकाते हैं, जिससे इलाके का माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है। रहवासियों का आरोप है कि पुलिस की गश्त न होने और शराब दुकान के बाहर होने वाली अनियंत्रित गतिविधियों के कारण अब महिलाओं और आम नागरिकों का वहां से गुजरना दूभर हो गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *