मऊगंज : हाथियों की दस्तक से ग्रामीणों में भारी दहशत, खेतों में फसल रौंदी, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

Villagers in Mauganj gripped by panic following the arrival of elephants

मऊगंज। मऊगंज जिले में दो जंगली हाथियों के प्रवेश करने से ग्रामीण इलाकों में हड़कंप मच गया है। गुरुवार रात हनुमना क्षेत्र के ढाबा गांव के पास नजर आए ये हाथी, शुक्रवार सुबह टरहर के रास्ते होते हुए दोपहर तक बहुती गांव पहुंच गए। इस दौरान हाथियों ने रास्ते में कई खेतों में घुसकर धान और अन्य फसलों को बुरी तरह रौंद दिया तथा नुकसान पहुंचाया।

किसानों और ग्रामीणों ने खेतों में घूम रहे हाथियों का अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हाथियों के लगातार बदलते ठिकाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग रख रहा नजर, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम हरकत में आ गई है और लगातार हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए है। वन परिक्षेत्र हनुमना के रेंजर नयन तिवारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि हाथियों को सुरक्षित तरीके से रिहायशी इलाकों से दूर जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रशासन और वन विभाग ने आसपास के सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के करीब न जाएं, वीडियो या फोटो लेने के लिए उनके पास भीड़ न लगाएं और न ही उन्हें घेरने, शोर मचाने या पथराव करने की कोशिश करें। किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *