इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर स्थित भागीरथपुरा दूषित पेयजल कांड का मामला अभी पूरी तरह से शांत भी नही हुआ था कि उसके 6 माह बाद शहर के बांगड़दा क्षेत्र के महावीर नगर में दूषित पानी की सप्लाई का मामला सामने आ गया है। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से नलों में गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी आ रहा था, जिसके कारण कुछ लोग पेट दर्द, दस्त और उल्टी जैसी समस्याओं का सामना कर रहे है, हालांकि नगर निगम के अधिकारियों ने किसी नागरिक के बीमार होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कई दिनों से आ रहा गंदा पानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके घरों में जिस बोरबेल का पानी पहुच रहा है वह कई दिनों से गंदा बदबूदार पानी आ रहा है। पहले तो लोगों ने इसे सामान्य समझकर नजर अंदाज कर दिये, लेकिन जब एक-एक करके लोग बीमार होने लगे तो चिंता बढ़ गई।
प्रशासन तक पहुचा मामला
महावीर नगर में गंदा पानी मामले की जानकारी मिलने पर मंगलवार को नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पानी के सैंपल लिए और यह पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की कि बोरिंग में दूषित पानी किस स्रोत से पहुंच रहा है। इसके साथ ही ड्रेनेज लाइन और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान भी शुरू किया गया।
दर्जनों लोगो की हुई थी मौत
ज्ञात हो कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में 6 माह पूर्व जहरीले पानी का कहर इतना भयंकर रहा कि दर्जनों लोगो की मौत तथा सैकड़ों लोग बीमार हो गए थें। इस घटना ने इंदौर प्रशासन एवं राज्य सरकार के पानी की व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए जमकर किरकिरी करवाई थी। अब एक बार फिर से इंदौर में दूषित पानी का मामला सामने आ रहा है, बहरहाल प्रशासन की जांच के बाद पूरा मामला सामने आ पाएगा कि आखिर शहर की जल व्यवस्था में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई? क्या पाइपलाइन में कोई खराबी है? क्या सीवरेज लाइन और पानी की लाइन आपस में जुड़ गई है? या फिर समय पर जांच नहीं होने से यह समस्या बढ़ती गई? स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तुरंत पानी की जांच करवाए, समस्या की जड़ तक पहुंचे और लोगों को साफ एवं सुरक्षित पानी उपलब्ध कराए।




