शीतला मंदिर के घायलों से मिलने पहुचे सीएम मोहन, काफिले के सामने लेट गई एक महिला, मचा हड़कम्प

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को ग्वालियर के जयारोग्य चिकित्सालय के ट्रॉमा सेंटर पहुँचकर शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुर्घटना में घायल लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर ढाँढस बँधाया। मरीजों से मुलाकात करने के बाद ट्रामा सेंटर से लौट रहे सीएम मोहन यादव के काफिले के सामने एक महिला लेट गई। रास्ते में लेटी महिला को देखते ही सुरक्षा कर्मी और पुलिस-प्रशासन में हड़कम्प मच गया, हांलाकि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी जांच पुलिस कर रही है और अभी कारण स्पष्ट नही हो पाया है।

सरकार आपके साथ

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस कठिन समय में सरकार पूरी ताकत के साथ आप सबके साथ खड़ी है। सभी घायलों का बेहतर से बेहतर उपचार कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल मरीजों को एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी सरकार उपलब्ध करायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ केंद्रीय संचार एवं पूर्वाेत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट तथा सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी ट्रॉमा सेंटर पहुँचे।

सीएम मोहन ने डॉक्टरों से ली जानकारी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चिकित्सकों से चर्चा कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को सर्वाेत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। गंभीर मरीजों की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के साथ उनके उपचार की निरंतर समीक्षा करने के निर्देश भी उन्होंने दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों से कहा कि उपचार व्यवस्था पर सतत नजर रखें और मरीजों तथा उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएँ।

सीएम ने कहा दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दुर्घटना की गहन जाँच के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है। जाँच में जो भी दोषी पाए जाएँगे, उनके खिलाफ और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *