इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार की सुबह बड़ा हादसा सामने आया है। यहां के नवलखा इलाकें में तीन इमली के पास खड़ी 5 बसों में एक एक करके भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि, इसकी लपटें करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे घंटो की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है।
हुए 4 धमाके
मामले को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग लगने के दौरान 4 बार धमाके भी सुनाई दिए है। माना जा रहा है कि गैस सिलेंडर फटने से ये धमाके हुए है और इससे आग न सिर्फ फैल गई बल्कि विकराल रूप धारण ले लिया, फिलहाल अब तक इसकी प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि, ये घटना नवलखा इलाके में तीन इमली के पास सोमवार सुबह घटी है। बताया जा रहा है कि, यहां यात्री बसें पार्क की जाती हैं।
मौजूद थी 20 बसें
जिस स्थान पर आग और धमाके हुए है वहां पर तकरीबन 20 बसें पार्क की हुई थी। घटना के तत्काल बाद बसों को वहां से हटाया गया, जबकि आग ने 5 बसों को अपनी जद में ले लिया। जिस स्थान पर आग लगी है वहां पर बस्ती है और आग से बस्ती के लोग भयभीत रहे कि आग बढ़ती है तो इससे बस्ती भी प्रभावित हो सकती है, हांलाकि समय रहते फायर बिग्रेड ने आग को काबू कर लिया। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है।




