Satna News : बेटों की साजिश से घर में ही 20 लाख की चोरी, पुलिस ने खोला बड़ा राज, तीन आरोपी गिरफ्तार

satna chori

20 lakh rupees stolen from home due to conspiracy by sons : सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बेहद चौंकाने वाले घरेलू चोरी के मामले का खुलासा किया है। चोरी की पूरी साजिश फरियादी के ही बड़े बेटे ने रची थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक मुख्य साजिशकर्ता अभी फरार है।घटना 20 जनवरी की रात सिरसावन निवासी मनोज मिश्रा (45) के घर की है।

अगली सुबह परिवार ने देखा कि ऊपरी कमरा खुला पड़ा है और 20 लाख रुपये नकद के साथ सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। तुरंत थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।टीआई गिरिजाशंकर बाजपेयी के नेतृत्व में पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों और साइबर टीम की मदद से गहन जांच की। जांच के दौरान शक फरियादी के बड़े बेटे हर्ष मिश्रा (24) पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर हर्ष ने पूरी साजिश कबूल ली।

हर्ष ने बताया कि उसका छोटा भाई रेशू मिश्रा जो भोपाल में बीटेक का छात्र है, छात्र संगठन के चुनाव लड़ने के लिए कर्ज में डूबा था। हर्ष पर भी खर्चों का दबाव था। दोनों भाइयों ने मिलकर अपने ही घर से चोरी करवाने की योजना बनाई। हर्ष ने अपने दोस्त अभय तिवारी निवासी इटावा, यूपी और विक्की उर्फ विभव पांडेय निवासी प्रमोदवन को साथ मिलाया। 20 जनवरी की रात हर्ष ने घर के दरवाजे अंदर से खोल दिए और उस तरफ से दोनों दोस्तों को अंदर बुलाया, जहां सीसीटीवी कैमरा खराब था। नकदी और गहने लेकर उन्हें बाहर भेज दिया गया। अगले दिन लूट का माल बांट लिया गया।

पुलिस ने हर्ष मिश्रा, अभय तिवारी और विभव पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी में 10 लाख 26 हजार रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।खास बात यह है कि आरोपी विभव पांडेय युवक कांग्रेस चित्रकूट विधानसभा का महासचिव बताया जा रहा है। फरियादी का छोटा बेटा रेशू मिश्रा फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश और मामले की अन्य संभावित कड़ियों की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *