रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले की बेटी समीक्षा द्विवेदी ने देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में चयनित होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया है। विंध्य की बेटियों की इस शानदार सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें लगातार बधाइयाँ दे रहे हैं।
मेधावी रही समीक्षा
बताया जा रहा है कि समीक्षा द्विवेदी शुरू से ही पढ़ाई में बेहद मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा अच्छे अंकों के साथ पूरी करने के बाद देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी से पढ़ाई की है। आईआईटी से पास आउट होने के बाद उन्होंने देश सेवा का लक्ष्य तय किया और यूपीएससी की तैयारी में जुट गईं। समीक्षा द्विवेदी की इस उपलब्धि के पीछे उनका कड़ा परिश्रम, अनुशासन और परिवार का सहयोग रहा है।
इंदौर में पिता करते है नौकरी
जानकारी के अनुसार समीक्षा द्विवेदी मउगंज जिले के देवतालाब क्षेत्र की रहने वाली है। उनके पिता वर्तमान में इंदौर में रहते हैं और पॉल्यूशन कंट्रोल डिपार्टमेंट में कार्यरत हैं। बेटी की इस सफलता से उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। परिवार के लोगों का कहना है कि समीक्षा बचपन से ही पढ़ाई को लेकर बेहद गंभीर थीं और हमेशा बड़े लक्ष्य हासिल करने का सपना देखती थीं। समीक्षा द्विवेदी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और दोस्तों को दिया है। उन्होंने कहा कि कठिन समय में परिवार का समर्थन ही उन्हें आगे बढ़ने की ताकत देता रहा। उनका लक्ष्य अब प्रशासनिक सेवा में जाकर देश और समाज के लिए ईमानदारी से काम करना है।
ज्ञात हो कि यूपीएससी परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है। हर साल लाखों छात्र इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन बहुत कम अभ्यर्थी ही इसमें सफलता हासिल कर पाते हैं। ऐसे में समीक्षा द्विवेदी द्वारा शानदार रैंक प्राप्त करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। समीक्षा की सफलता की खबर सामने आने के बाद रीवा जिले में लोगों ने उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से भी बधाई दी है। कई शिक्षकों और समाज के लोगों ने कहा कि समीक्षा की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। उनका कहना है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत पूरी लगन से की जाए तो कोई भी मंजिल मुश्किल नहीं होती।

सतना की भूमिका का चयन
सतना की भूमिका जैन ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करके जिले का मान बढ़ाया है। सतना के कृष्णानगर में कपड़ा का कारोबार करने वाले मनोज जैन एवं मां सृष्टि जैन की वे सुपुत्री है। उनकी इस सफलता से परिवार में हर्ष का माहौल है। भूमिका की उपलब्धि ने साबित किया कि कड़ी मेहनत से बड़े सपने सच होते हैं।
