Sand mafia in Sidhi held employees hostage and beat them: सीधी जिले में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची टीम पर रेत माफियाओं ने संगठित हमला कर दिया। माफियाओं ने विभागीय कर्मचारियों को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की और मौके से ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
रात 3 बजे सोन नदी के खुटेली घाट पर वारदात
घटना मंगलवार देर रात करीब 3 बजे सिहावल जनपद क्षेत्र के बहरी थाना अंतर्गत सोन नदी के खुटेली घाट की है। सोन घड़ियाल अभयारण्य विभाग को अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची।
टीम को घेरकर किया हमला
जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, कुछ लोग अपने ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए। लेकिन थोड़ी देर बाद रेत माफिया संगठित होकर लौटे और टीम को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद कर्मचारियों को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई।
ट्रैक्टर लेकर भागे आरोपी, वीडियो वायरल
हमले के बाद आरोपी अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे ट्रैक्टर को जबरन लेकर मौके से फरार हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
नामजद समेत अज्ञात पर केस दर्ज
इस मामले में बहरी थाना पुलिस ने लवकेश उपाध्याय, प्रभांशु पाठक, पतुलखी निवासी सहित एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिकायत के बाद जांच शुरू, आरोपियों की तलाश
डिप्टी संजीव सोनकर और कर्मचारी एहसान मलिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।




