रीवा : टोंस जल प्रपात की उफनती लहरों के बीच फंसा युवक, रील बनाने के चक्कर में जा सकती थी जान

Young man trapped between the surging waves of Tons waterfall in Rewa

रीवा/जवा। सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स और व्यूज की चाहत युवाओं के लिए किस कदर जानलेवा साबित हो सकती है, इसका रोंगटे खड़े कर देने वाला उदाहरण रविवार को जवा तहसील के अतरैला थाना क्षेत्र में देखने को मिला। यहाँ स्थित प्रसिद्ध टोंस विद्युत जल प्रपात (इटमा) में रील बनाने के जुनून ने एक युवक को मौत के मुहाने पर लाकर खड़ा कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

रोमांच के चक्कर में सुरक्षा को किया दरकिनार

जानकारी के अनुसार, डभौरा थाना क्षेत्र की नई बस्ती का रहने वाला एक युवक आज सुबह अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए टोंस वाटरफॉल पहुँचा था। मस्ती के दौरान रोमांच दिखाने के चक्कर में युवक सुरक्षा घेरे को पार कर जल प्रपात की तेज मुख्य धारा के बीच पहुँच गया। वह वहां खड़े होकर मोबाइल से रील बनवा ही रहा था कि अचानक पानी के प्रचंड बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। युवक को लहरों के साथ बहता देख किनारे खड़े उसके दोस्तों में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस और ग्रामीणों का साहसिक रेस्क्यू

हादसे की सूचना मिलते ही अतरैला थाना पुलिस तत्काल बल के साथ मौके पर पहुँची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय साहसी ग्रामीणों की मदद से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। उफनती लहरों और फिसलन भरे पत्थरों के बीच जान जोखिम में डालकर टीम युवक तक पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, पानी के तेज बहाव और पत्थरों से टकराने के कारण युवक के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

प्रशासन की चेतावनी: मनोरंजन को मातम में न बदलें

इस घटना को प्रशासन और पुलिस ने बड़ी लापरवाही करार दिया है। अधिकारियों ने सैलानियों से सख्त अपील की है कि वे जल प्रपातों और नदियों के किनारे पिकनिक मनाते समय प्रशासन द्वारा तय किए गए सुरक्षा मानकों का पालन करें। रील बनाने या सेल्फी लेने के चक्कर में गहरे पानी या तेज धारा में उतरना जानलेवा हो सकता है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *