Telangana Viral Video: इस घटना के कारण 10-15 ट्रेनों को रोकना या डायवर्ट करना पड़ा। शंकरपल्ली के पास हुई इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक 13 सेकेंड के वीडियो में महिला को रेलवे ट्रैक पर कार चलाते देखा जा सकता है। दूसरे वीडियो में स्थानीय लोग, रेलवे कर्मचारी और पुलिस मिलकर महिला को कार से बाहर निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं।
Telangana Viral Video: तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में एक 34 वर्षीय महिला ने अपनी किआ सोनेट कार को रेलवे ट्रैक पर दौड़ा दिया, जिससे रेलवे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस घटना के कारण 10-15 ट्रेनों को रोकना या डायवर्ट करना पड़ा। शंकरपल्ली के पास हुई इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक 13 सेकेंड के वीडियो में महिला को रेलवे ट्रैक पर कार चलाते देखा जा सकता है। दूसरे वीडियो में स्थानीय लोग, रेलवे कर्मचारी और पुलिस मिलकर महिला को कार से बाहर निकालने की कोशिश करते दिख रहे हैं। भीड़ ने उसे कार से निकालने के बाद उसके हाथ बांध दिए। घटना की जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला ने ऐसा क्यों किया और उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी।
20 लोगों ने मिलकर निकाला कार से बाहर
सूत्रों के मुताबिक, कई रेलवे कर्मचारी और पुलिसकर्मी कार के पीछे दौड़े। बड़ी मुश्किल से वे उसे रोक पाए। महिला को कार से बाहर निकालने के लिए लगभग 20 लोगों की मदद लेनी पड़ी, क्योंकि वह बिल्कुल सहयोग नहीं कर रही थी। रेलवे पुलिस की सुपरिंटेंडेंट चंदना दीप्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला हाल ही तक एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती थी और उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वह बेहद आक्रामक व्यवहार कर रही थी, जिससे लगता है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर हो सकती है।
आत्महत्या की कोशिश की आशंका
सुपरिंटेंडेंट चंदना दीप्ति ने कहा कि पुलिस ने महिला की कार से उसका ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि कहीं यह आत्महत्या की कोशिश तो नहीं थी या इसे हत्या जैसा दिखाने की साजिश थी। रेलवे सूत्रों के अनुसार, बेंगलुरु-हैदराबाद ट्रेन सहित 10 से 15 पैसेंजर ट्रेनों को सावधानी के तौर पर डायवर्ट किया गया। महिला को हिरासत में ले लिया गया है और मामले की जांच जारी है।




