बस ड्राइवर के पास 25 करोड़ कैश और 15 किलो सोना!

पश्चिम बंगाल (West Bengal) के बीरभूम (Birbhum) जिले में पुलिस की एक छापेमार कार्रवाई ने पूरे देश को चौंका दिया है। एक पूर्व बस ड्राइवर के घर से 28 करोड़ 50 लाख रुपये नकद और करीब 15 किलो सोना बरामद किया गया है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, बरामद नकदी और सोने की कुल कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

आरोपी की पहचान मिनार मंडल (Minar Mondal) के रूप में हुई है, जो कभी पश्चिम बंगाल की सरकारी बस सेवा में ड्राइवर था। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान पहले करीब 20 करोड़ रुपये मिलने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन रातभर चली गिनती के बाद यह रकम 28.5 करोड़ रुपये निकली। हालात ऐसे थे कि नोट गिनते-गिनते पांच करेंसी काउंटिंग मशीनें खराब हो गईं।

15 किलो सोने में सिल्लियां और बिस्कुट भी मिले

पुलिस ने मिनार मंडल (Minar Mondal) के घर से 15 किलो सोना भी बरामद किया है। इसमें एक-एक किलो की 14 सोने की सिल्लियां और 100-100 ग्राम के 10 गोल्ड बिस्कुट शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सोने की कीमत करीब 22 करोड़ रुपये है।

पत्थर कारोबारी तुलु मंडल (Tulu Mondal) से जुड़ा कनेक्शन

जांच में सामने आया है कि मिनार मंडल (Minar Mondal) का संबंध फरार पत्थर कारोबारी तुलु मंडल (Tulu Mondal) उर्फ मोहम्मद नजीबुद्दीन (Mohammad Najibuddin) से है। पुलिस के अनुसार, मिनार मंडल तुलु मंडल का मैनेजर और रिश्तेदार भी बताया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर की नौकरी छोड़ने के बाद मिनार मंडल (Minar Mondal) पत्थर कारोबार से जुड़ गया था। वहीं तुलु मंडल वही कारोबारी है, जिसकी बेटी की शादी दो साल पहले करीब 100 करोड़ रुपये के खर्च को लेकर सुर्खियों में रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *