जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस अब आधुनिक एलएचबी कोचों के साथ होगी संचालित, 3 अक्टूबर से मिलेगी बेहतर सुविधा

पश्चिम मध्य रेल द्वारा यात्रियों की यात्रा को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसी क्रम में गाड़ी संख्या 11705/11706 जबलपुर-रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस के रैक को पारंपरिक आईसीएफ के स्थान पर आधुनिक एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रैक से संचालित करने का बड़ा निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन आगामी 3 अक्टूबर 2026 से दोनों दिशाओं में आधुनिक एलएचबी कोच संरचना के साथ पटरी पर दौड़ेगी।

एलएचबी कोच आधुनिक तकनीक और उन्नत डिजाइन से निर्मित होते हैं, जिनका हल्का वजन और मजबूत तकनीकी ढांचा यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम सफर सुनिश्चित करता है। पारंपरिक आईसीएफ कोचों की तुलना में इनमें बेहतर सुरक्षा विशेषताएं, अधिक आरामदायक सिटिंग और स्लीपिंग अनुभव तथा उच्च गति पर संचालन की बेहतरीन क्षमता होती है, जो रेल यात्रियों के सफर को और अधिक सुखद बनाएगी।

इस ट्रेन की संशोधित कोच संरचना में कुल 22 आधुनिक एलएचबी कोच शामिल किए गए हैं। इनमें 01 एसी 2-टियर, 02 एसी 3-टियर, 01 एसी 3-टियर इकॉनमी, 01 एसी चेयरकार, 01 स्लीपर, 04 चेयरकार द्वितीय (सिटिंग), 10 सामान्य श्रेणी के कोच, 01 गार्ड सह लगेज एवं ब्रेक वैन तथा 01 जनरेटर कार शामिल है। पश्चिम मध्य रेल प्रशासन यात्रियों के सफर को और बेहतर बनाने के लिए लगातार इस तरह की आधुनिक सुविधाओं के विस्तार में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *