रीवा में सनसनीखेज वारदात: छात्र का अपहरण कर बेल्ट और लाडियों से पीटा, लूटपाट कर दी जान से मारने की धमकी

Student abducted and beaten with belts and sticks in Rewa.

रीवा: रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित विवेकानंद नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रहे 17 वर्षीय छात्र कृष्णा सोनी के साथ तीन युवकों ने मिलकर बेरहमी से मारपीट की, लूटपाट की और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बाइक खराब होने का झांसा देकर बुलाया

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात करीब 12 बजे के बाद की है। आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत कृष्णा सोनी को साई मंदिर के पास यह बहाना बनाकर बुलाया कि उनकी बाइक खराब हो गई है। छात्र के वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और दूसरी बाइक पर जबरन बैठाकर बाईपास के पास मैदानी इलाके के एक सुनसान खेत में ले गए।

बेल्ट और लाठियों से की बेरहमी से पिटाई

सुनसान इलाके में ले जाने के बाद आरोपियों ने छात्र के साथ अमानवीय हरकत की। उन्होंने बेल्ट, लाठियों और पैरों से कृष्णा की बेरहमी से पिटाई की। इस दौरान हमलावरों ने छात्र के पास मौजूद करीब पांच ग्राम की सोने की अंगूठी और जेब में रखे 45 सौ रुपये की नकदी भी बलपूर्वक छीन ली।

मामा के पहुंचने पर बची जान, पुलिस जांच में जुटी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र को गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए और धमकी दी कि यदि घटना के बारे में किसी को बताया तो जान से मार देंगे। किसी तरह इस बात की सूचना पीड़ित के मामा तक पहुंची, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल भांजे को अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। बुधवार को पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट और लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *