सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपए के नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। जांच की शुरुआत करीब 4.30 लाख रुपए की नकदी कम मिलने से हुई थी। इसके बाद करेंसी चेस्ट में रखे नोटों की जांच की गई तो बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने का खुलासा हुआ।
4.30 लाख रुपए कम मिले, फिर खुला बड़ा मामला
मामला सहारनपुर के सोफिया मार्केट स्थित PNB की करेंसी चेस्ट का है। यहां से करीब 11.50 करोड़ रुपए RBI के जयपुर कार्यालय भेजे गए थे। वहां नोटों की गिनती के दौरान 4 लाख 30 हजार 900 रुपए कम मिले।
इसके बाद बैंक ने मामले की जांच शुरू की। करेंसी चेस्ट में रखे नोटों की जांच की गई। शुरुआती जांच में करीब 7.40 करोड़ रुपए के नकली नोट मिलने की बात सामने आई। ऑडिट आगे बढ़ने पर यह रकम करीब 17 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। हालांकि, अंतिम रकम जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगी।
CCTV में नोटों की गड्डियों से रुपए निकालता दिखा हाउसकीपर
जांच के दौरान बैंक की CCTV फुटेज भी देखी गई। इसमें पार्ट टाइम हाउसकीपर विशाल कुमार कथित तौर पर नोटों की गड्डियों से रुपए निकालता दिखाई दिया।बताया गया कि विशाल को करेंसी चेस्ट में नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने का काम दिया गया था। CCTV फुटेज सामने आने के बाद बैंक ने उसे काम से हटा दिया और उसके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हाउसकीपर के रुपए निकालने और नकली नोट मिलने के मामले का आपस में कोई संबंध है या नहीं।
3 बैंक अफसर सस्पेंड
मामले में PNB ने तीन अधिकारियों को सस्पेंड किया है। इनमें वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट मैनेजर सुशील शर्मा और अमित कुमार शामिल हैं। मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस और बैंक की जांच में नकली नोटों के स्रोत और पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।




