सीधी में चक्काजाम खुलवाने गए थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला, सिर पर कुल्हाड़ी से वार, 12 टांके आए

Station House Officer attacked with intent to kill while attempting to clear a road blockade in Sidhi.

सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कानून-व्यवस्था बहाल करने पहुंचे कमर्जी थाना प्रभारी (TI) इंद्राज सिंह पर गुस्साए लोगों ने कुल्हाड़ी और हंसिए से जानलेवा हमला कर दिया। सोमवार दोपहर ग्राम पटपरा में चक्काजाम हटाने के दौरान हुए इस हमले में थाना प्रभारी के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल टीआई को तत्काल डायल-112 की मदद से जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया, जहाँ उनके सिर में 12 टांके लगाए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

रास्ते के विवाद में प्रशासन की सुस्ती पर भड़का था गुस्सा
जानकारी के अनुसार, ग्राम पटपरा में एक सरकारी रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक पक्ष का आरोप था कि कुछ दबंगों ने सरकारी मार्ग पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कई बार तहसील कार्यालय में शिकायतें और आवेदन दिए थे, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी सुस्ती से नाराज होकर ग्रामीणों ने सोमवार दोपहर करीब 12 बजे सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया और मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया।

समझाइश दे रहे TI पर अचानक किया हथियारों से हमला
चक्काजाम की सूचना मिलते ही कमर्जी थाना प्रभारी इंद्राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया। इसी बातचीत के दौरान भीड़ में मौजूद कुछ उग्र लोगों ने अचानक उन पर टांगी (कुल्हाड़ी) और हंसिए जैसे धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए टीआई को बमुश्किल भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी संतोष कोरी जिला अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से टीआई के इलाज की जानकारी ली।

5 आरोपियों पर नामजद केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दिनेश पटेल उर्फ गुंठी, सुनील पटेल, विनय पटेल, प्रीतम पटेल और रितेश उर्फ सिंटू पटेल के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है। इन पर पुलिस टीम के साथ मारपीट करने और थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। एसपी संतोष कोरी ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पांच थानों का पुलिस बल और एसडीओपी (SDOP) को मौके पर भेजा गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *