रीवा शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र अंतर्गत इटौरा के पास बीती रात करीब पौने 11 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार चाचा-भतीजे को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें रौंदता हुआ आगे निकल गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अनूप तिवारी और उनके भतीजे आनंद मोहन तिवारी के रूप में हुई है, जो अपने फार्म हाउस से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। इस अचानक हुए भीषण हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके पर ही अपना ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसके चलते कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन भी अवरुद्ध रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दुर्घटना करने वाले ट्रक को जब्त कर लिया। इसके साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश तेज कर दी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।




