बॉलीवुड अभिनेता और फिल्ममेकर सोहेल खान ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसे उन्होंने कई सालों तक किसी से नहीं बताया। रियलिटी शो ‘Alliance’ के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि बचपन में उनके साथ सेक्सुअल हैरेसमेंट हुआ था।
सोहेल ने बताया कि उस समय वह इतने छोटे थे कि समझ नहीं पाए कि इस बारे में किसी से कैसे बात करें। इसी वजह से उन्होंने इस घटना को लंबे समय तक अपने मन में दबाकर रखा। बाद में बड़े होने पर उन्होंने अपने पिता सलीम खान को पूरी बात बताई।
उन्होंने कहा कि जब उन्होंने अपने पिता को यह बताया तो सलीम खान हैरान रह गए। उन्होंने पूछा कि आखिर इतनी बड़ी बात उन्होंने इतने सालों तक छिपाकर क्यों रखी। सोहेल ने बताया कि उन्हें शर्म और झिझक महसूस होती थी, जबकि इस घटना में उनकी कोई गलती नहीं थी।
शो में अरसलान गोनी, रूही दोसानी और अली गोनी से बातचीत के दौरान सोहेल ने कहा कि यही वजह है कि वह अपने बच्चों को हमेशा एक बात सिखाते हैं। अगर कभी कोई उनके साथ गलत व्यवहार करे तो उसे छिपाएं नहीं, बल्कि तुरंत अपने माता-पिता या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को बताएं। उनका मानना है कि बच्चों को हर बात अपने परिवार के साथ खुलकर साझा करनी चाहिए और किसी भी परेशानी का अकेले सामना नहीं करना चाहिए।
सोहेल ने कहा कि ऐसे मामलों में चुप रहना सही नहीं है। जितनी जल्दी बच्चे अपनी बात बताएंगे, उतनी जल्दी उन्हें मदद मिल सकेगी।
इसी शो के एक अन्य एपिसोड में सोहेल खान अपने परिवार को याद करते हुए भावुक भी नजर आए। बातचीत के दौरान वह अपनी भावनाएं नहीं रोक पाए और उनकी आंखें नम हो गईं।




