Jagannath Rath Yatra Stampede Video: ओडिशा के पुरी (Puri, Odisha) में आयोजित भगवान जगन्नाथ रथयात्रा (Jagannath Rath Yatra) के दौरान शनिवार शाम भगदड़ मच गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा शाम करीब 5 बजे ‘पहांडी’ (Pahandi Ritual) के दौरान हुआ। इस रस्म के समय भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथों की ओर बढ़ने लगे। भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे स्वयंसेवकों (Volunteers) ने लोगों को पीछे हटाने का प्रयास किया, लेकिन अचानक धक्का-मुक्की शुरू हो गई और देखते ही देखते भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
तेज बारिश के बावजूद उमड़ा जनसैलाब
हादसे के समय पुरी में लगातार तेज बारिश हो रही थी। इसके बावजूद प्रशासन के अनुसार 10 लाख से अधिक श्रद्धालु रथयात्रा मार्ग पर मौजूद थे। जगन्नाथ रथयात्रा मुख्य मंदिर से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित गुंडिचा मंदिर (Gundicha Temple) तक निकाली जाती है।
कैसे मची भगदड़?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दर्शन के लिए आगे बढ़ रही भीड़ अचानक रथों के करीब पहुंचने लगी। स्वयंसेवक और सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लोगों के बीच धक्का-मुक्की बढ़ गई। कई श्रद्धालु संतुलन खोकर गिर पड़े और उनके ऊपर अन्य लोग गिरते चले गए, जिससे भगदड़ मच गई।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
पुरी की रथयात्रा में इससे पहले भी भीड़ नियंत्रण को लेकर गंभीर हादसे हो चुके हैं।
18 जुलाई 2015: नवकलेवर वर्ष (Nabakalebara) के दौरान भारी भीड़ उमड़ने से ग्रैंड रोड पर भगदड़ जैसी स्थिति बनी थी। इस हादसे में 2 महिलाओं की मौत हुई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे।
29 जून 2025: गुंडिचा मंदिर के बाहर सरधाबली क्षेत्र में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई थी। इस घटना में 3 श्रद्धालुओं की मौत हुई थी और 50 से अधिक लोग घायल हुए थे। बाद में राज्य सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए थे और कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी।




