रीवा में धूमधाम से मनाया गया श्री कृष्ण पर्व, उपमुख्यमंत्री बोले- गौ सेवा से मिलती है भगवान की सच्ची कृपा

Shri Krishna festival celebrated with great enthusiasm in Rewa.

रीवा के नगर निगम टाउन हॉल में संस्कृति विभाग, जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य ‘श्री कृष्ण पर्व’ का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें हमेशा धर्म के मार्ग पर चलने और कर्म का संदेश देता है, जिन्होंने बाल्यावस्था से ही अधर्म का नाश कर धर्म की स्थापना की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को गौ माता अत्यंत प्रिय हैं, इसलिए इस वर्ष जन्मोत्सव की शुरुआत सबसे पहले रीवा स्थित बसावन मामा गौ अभ्यारण्य में गौ सेवकों के साथ की गई, जिससे इस पावन पर्व का आनंद दस गुना बढ़ गया। उन्होंने गौ माता को प्राकृतिक खेती का आधार बताते हुए कहा कि गौ सेवा करने वालों पर भगवान श्रीकृष्ण की कृपा अवश्य बरसती है।

इस सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन में बघेली लोक संस्कृति की अद्भुत छटा देखने को मिली, जहां रीवा की प्रसिद्ध बघेली लोक गायिका कल्याणी मिश्रा ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए पारंपरिक बघेली जन्मोत्सव गीत, सोहर और कजरी की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

इसके बाद कटनी से आईं प्रसिद्ध कलाकार आस्था सिजारिया और उनके दल ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित एक बेहद सुंदर नृत्य नाटिका प्रस्तुत की, जिसे देखकर दर्शक मुग्ध हो गए। बघेली लोकगीतों की मधुर धुनों और कृष्ण लीलाओं से सजे इस भव्य आयोजन ने उपस्थित सभी श्रवण-दर्शकों को पूरी तरह से कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *