MP: शिवपुरी में दिल दहला देने वाला मामला, पिता ने शराब के नशे में 10 साल की बेटी से किया दुष्कर्म

Shivpuri Rape Case News

Shivpuri Rape Case: शिवपुरी जिले के तेंदुआ थाना क्षेत्र में एक पिता ने शराब के नशे में अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची ने मां को बताया तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

Shivpuri Rape Case: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता पर अपनी 10 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना तेंदुआ थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई।

शराब के नशे में की हैवानियत

पुलिस जांच के अनुसार, यह कांड 25 जनवरी को हुआ। उस दिन बच्ची की मां मजदूरी के लिए घर से बाहर गई हुई थी। घर में अकेली 10 साल की मासूम बेटी थी। आरोपी पिता शराब के नशे में धुत था। उसने बच्ची को बहाने से बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची को डराकर चुप रहने की धमकी भी दी।

परिवार में विवाद के बाद खुलासा

घटना के अगले दिन बच्ची अपनी बुआ के साथ बैतूल में एक सत्संग में चली गई। इसी दौरान माता-पिता के बीच घरेलू विवाद हो गया और मां अपने मायके चली गई। बाद में बच्ची मां के पास पहुंची। 3 फरवरी को आरोपी पिता अपनी पत्नी को मायके से लेने पहुंचा। पत्नी ने साथ जाने से इनकार कर दिया। जब पिता ने बेटी को अपने साथ ले जाने की कोशिश की, तो बच्ची ने साफ मना कर दिया और रोते हुए अपनी मां को पूरी घटना बता दी।

मां ने दर्ज कराई शिकायत, पिता गिरफ्तार

इसके बाद 4 फरवरी को मां अपनी बेटी के साथ तेंदुआ थाने पहुंची और आरोपी पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *