‘मातृभूमि’ पर फैली अफवाहों पर मेकर्स ने दी सफाई, कहा- अभी CBFC के पास भेजी ही नहीं फिल्म

MATRBHUMI (1)

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर पिछले कुछ दिनों से तरह-तरह की खबरें सामने आ रही थीं। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि फिल्म को सेंसर बोर्ड (CBFC) से जुड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और इसका सर्टिफिकेशन रोक दिया गया है। अब इन सभी खबरों पर फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ने अपनी चुप्पी तोड़ दी है।

सलमान खान फिल्म्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बयान जारी कर साफ किया कि फिल्म को लेकर चल रही ये सभी खबरें गलत और बेबुनियाद हैं। प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि फिल्म को अभी तक सर्टिफिकेशन के लिए CBFC के पास भेजा ही नहीं गया है। ऐसे में सेंसर बोर्ड द्वारा किसी तरह की आपत्ति या सर्टिफिकेशन रोके जाने की बात पूरी तरह निराधार है।

अपने बयान में मेकर्स ने मीडिया और फैंस से अपील भी की है कि बिना पुष्टि की गई खबरों पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि फिल्म से जुड़ी हर आधिकारिक जानकारी सिर्फ सलमान खान फिल्म्स के ऑफिशियल प्लेटफॉर्म के जरिए ही साझा की जाएगी।

बता दें कि ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ भारत और चीन के सैनिकों के बीच जून 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। इसमें सलमान खान भारतीय सेना के कर्नल संतोष बाबू का किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ चित्रांगदा सिंह मुख्य भूमिका में हैं, जबकि इसका निर्देशन अपूर्व लखिया कर रहे हैं।

फिल्म पहले अप्रैल 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई। कुछ रिपोर्ट्स में इसके 15 अगस्त के आसपास रिलीज होने की भी चर्चा थी, हालांकि मेकर्स ने अभी तक नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *