आस्था पर हादसा भारी, ग्वालियर में 41 श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 15 की मौत, पीएम और सीएम ने जताया शोक, मुआवजा का ऐलान

ग्वालियर। ग्वालियर में शनिवार रात भीषण सड़क दुर्घटना हुई। चीनौर रोड की ढलान के पास तेज रफ्तार ट्रक ने माँ शीतला माता के दर्शन के लिए सड़क किनारे खड़े 41 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। रात करीब 1.30 बजे बड़ी संख्या में भक्त मंदिर के बाहर कतार में खड़े थे। तभी धान से भरा ट्रक नियंत्रण खो बैठा। वाहन पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए लोगों पर चढ़ गया और मंदिर की दीवार से जा टकराया।

15 लोगो की मौत

हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। 26 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चेकपोस्ट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी।

ट्रक मालिक और चालक गिरफ्तार

पुलिस ने ट्रक मालिक मोहित सिंह और ड्राइवर दिलबाग को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार दो ट्रक थे, जिन्हें रास्ता नहीं पता था। वो गूगल मैप के सहारे चल रहे थे। एक ट्रक घाटी पर ही रुक गया, जबकि आगे वाला ट्रक अनियंत्रित हो गया और चार स्टॉपर तोड़ते हुए घुस गया।

इन मृतकों की हुई पहचान

1-सत्येंद्र गुर्जर पुत्र जगदीश गुर्जर उमर 22 साल निवासी महलगांव ग्वालियर
2-सरला तोमर पत्नी राजेंद्र कुमार 50 साल निवासी हनुमान पहाड़ी राजीव नगर गुड़ा गुड़ी का नाका ग्वालियर
3-गौरव परिहार पुत्र कमलेश परिहार उमर 18 साल निवासी बड़ा गांव खुरेरी ग्वालियर
4-महेश शर्मा पुत्र मातादीन शर्मा उम्र 45 साल निवासी सहसराम गसवानी श्योपुर
5-विमलेश पुत्र बबलू बघेल उमर 18 साल निवासी महागावरा थाना सीहोर जिला शिवपुरी
6-देवेश बघेल पुत्र हरि सिंह बघेल उमर 17 साल निवासी मावटा थाना भितरवार
7-प्रिंस उर्फ छोटू जाटव पुत्र संतोष जाटव उम्र 16 साल निवासी चौहान प्याऊ गल्ला कोठार
8-शौर्य शर्मा पुत्र संजय शर्मा उम्र 15 साल निवासी सहसराम गोस्वामी शिवपुरी
9-हेमंत राठौड़ पुत्र जबर सिंह राठौड़ उमर 21 साल निवासी यादव धर्म कांटा हजीरा ग्वालियर
10-दिव्यांश पुत्र अशोक कुशवाहा उमर 16 साल निवासी महेशपुरा सिकंदर कंपू ग्वालियर की पहचान हुई, जबकि अन्य मृतकों की पहचान करने में पुलिस लगी हुई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत ही हृदयविदारक है। दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। मुख्यमंत्री ने सभी मृतकों के परिजनों के प्रति आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एक्स पर कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रूपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी घायलों का निरूशुल्क उपचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *