MP: दोस्त ने की दोस्त की हत्या, पत्नी से अवैध संबंध बने कारण

MP NEWS

Sagar Pancham Khangar Murder Case: आरोपी ने पहले मृतक के साथ शराब पी, फिर तौलिए से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और कड़ी पूछताछ के बाद उसने हत्या की बात कबूल की।

Sagar Pancham Khangar Murder Case: सागर जिले के राहतगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम झिला में 33 वर्षीय पंचम खंगार की संदिग्ध मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मृतक के दोस्त रामकुमार राय को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पहले पंचम के साथ शराब पी और फिर तौलिया से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी के मृतक की पत्नी से अवैध संबंध थे, जिसके चलते यह हत्याकांड हुआ।

खेत में मिला था शव

22 अक्टूबर को झिला गांव में शीतला माता मंदिर के पास बटयावदा रोड पर एक खेत में पंचम खंगार का शव मिला था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार के अनुसार, पंचम मंगलवार रात करीब 10 बजे घर से निकला था, लेकिन अगली सुबह उसका शव खेत में मिला। शव पर गले और शरीर पर चोटों के निशान थे।

पोस्टमार्टम ने खोला हत्या का राज

शुरुआत में पुलिस इसे हादसा मान रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तौलिया से गला घोंटकर की हत्या

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर मृतक के दोस्तों से पूछताछ की। पता चला कि हत्या की रात पंचम अपने दोस्त रामकुमार राय के साथ था। सख्त पूछताछ में रामकुमार ने हत्या की बात कबूल की। उसने बताया कि दोनों ससुराल गए थे, जहां शराब पी। लौटते समय विवाद हुआ और गुस्से में उसने तौलिया से पंचम का गला घोंट दिया।

अवैध संबंध बने हत्या की वजह

राहतगढ़ एसडीओपी योगेंद्र प्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि रामकुमार के पंचम की पत्नी से अवैध संबंध थे, जिसके कारण दोनों में अक्सर विवाद होता था। रामकुमार ने पंचम को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी रामकुमार राय को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इस सनसनीखेज खुलासे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *