रीवा की धसकने लगी मॉडल रोड, 75 करोड के सड़क गुणवत्ता की खुलने लगी पोल

रीवा। रीवा शहर के रतहरा से चोरहटा तक 11.46 किलोमीटर लंबी कंक्रीट फोरलेन सड़क निर्माण के महज़ तीन साल बाद ही धंसने लगी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 75 करोड़ रुपए की लागत से बनाई गई इस मॉडल सड़क की गुणवत्ता पर अब सवाल उठ रहे हैं।

पद्मधर कॉलोनी गेट के सामने सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है। हादसे की आशंका को देखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से के बीच सड़क पर डिवाइडर रख दिया गया है। वहीं, धंसे स्थान के आगे और पीछे सड़क का काफी हिस्सा पूरी तरह उखड़ चुका है। सड़क की मरम्मत नहीं होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय यहां हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। राहगीरों का कहना है कि ज़िम्मेदार विभाग को जल्द सुधार कार्य कराकर सड़क को सुरक्षित बनाना चाहिए।

ऐसा है मॉडल रोड का प्रोजेक्ट

रीवा में रतहरा से चोरहटा तक के मॉडल रोड में फोरलेन कंक्रीट सड़क, सर्विस रोड और पवेड शोल्डर का निर्माण किया गया है। इस महत्वपूर्ण मार्ग पर करीब 74 करोड़ से लेकर 348 करोड़ रुपये तक की लागत से ट्रैफिक सुगम बनाने और भारी वाहनों के दबाव को बांटने का काम किया गया, लेकिन इस सड़क निर्माण की पोल अब खुलने लगी है, क्योकि इस सड़क की परत निकलना शुरू हो गई है। कहने के लिए तो यह मॉडल रोड है, लेकिन सड़क की हालत ऐसी होती जा रही है, जिसमें जगह-जगह गडढ़े, सड़क की परत निकलने से उड़ती धूल ही इसकी पहचान बन रही है। इसमें लगाई गई जालियां और पेवर ब्लॉक को तो मानो अता-पता ही नही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *