रीवा। शहर की यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को रफ्तार देने के लिए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी शुक्रवार को पूरे लाव-लश्कर के साथ मैदान में नजर आए। रीवा शहर की सूरत बदलने के संकल्प के साथ कलेक्टर ने प्रशासनिक अमले के साथ खुद मोर्चा संभाला। इस दौरान उन्होंने शहर के सबसे व्यस्त और ट्रैफिक जाम से बेहाल रहने वाले अस्पताल चौराहे का निरीक्षण किया और बीहर नदी रीवर फ्रंट फेज-2 के निर्माण स्थल का जायजा लेकर अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी।
खुद पैदल मार्च कर जाना ट्रैफिक का हाल, स्टैंड शिफ्ट करने के निर्देश
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने नगर निगम आयुक्त अक्षत जैन और स्थानीय एसडीएम के साथ अस्पताल चौराहे से लेकर धोबिया टंकी तक पैदल मार्च किया और जमीनी हकीकत को देखा। उन्होंने संजय गांधी अस्पताल परिसर, हॉकर्स कॉर्नर और ऑटो स्टैंड का बारीकी से मुआयना किया। मेडिकल कॉलेज मार्ग और अस्पताल चौराहे पर रोजाना लगने वाले भारी जाम पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने यातायात को बाधित करने वाले ऑटो स्टैंडों और हॉकर्स कॉर्नर को तत्काल प्रभाव से दूसरी जगह व्यवस्थित ढंग से शिफ्ट करने के कड़े निर्देश दिए, ताकि आम जनता को इस रोज़-रोज़ के जाम से हमेशा के लिए निजात मिल सके।
रीवर फ्रंट फेज-2 के लिए अल्टीमेटम: मुआवजा बांटने के बाद भी कब्जा रखने वालों पर होगी कार्रवाई
अस्पताल चौराहे के बाद कलेक्टर ने शहर की प्रमुख और महत्वाकांक्षी परियोजना ‘बीहर नदी रीवर फ्रंट फेज-2’ के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ लहजे में कहा कि फेज-2 के निर्माण के लिए जगह पहले ही चिन्हित की जा चुकी है और संबंधित भूमि स्वामियों को शत-प्रतिशत मुआवजा राशि का वितरण भी पूरा हो चुका है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा अब तक निर्माण स्थल से कब्जा नहीं हटाया गया है, जिसे प्रशासन अब बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगा।
कलेक्टर की सख्त चेतावनी: “विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का व्यवधान या अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं होगा। जिन लोगों ने मुआवजा मिलने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा है, उन पर जल्द ही सख्त प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि पर्यटन और नागरिक सुविधाओं को बढ़ावा देने वाले इस आधुनिक नदी तट का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके।”
कलेक्टर के इस ताबड़तोड़ एक्शन और सक्रिय रवैये से रीवा के स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह है। लोगों को पूरी उम्मीद है कि इस कड़े कदम से न सिर्फ शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी बल्कि रीवर फ्रंट के रूप में रीवा को एक सुंदर और आधुनिक सौगात भी जल्द मिल सकेगी।




