राहुल गांधी का सरकार पर हमला, बोले- धर्मेंद्र प्रधान को हटाना ही होगा

Rahul Gandhi Latest News: NEET पेपर लीक विवाद को लेकर कांग्रेस का हमला लगातार तेज होता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार मंत्रालय बदलने का विकल्प तलाश रही है, लेकिन यह स्वीकार नहीं होगा। राहुल ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से हटना ही होगा।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें देश के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी भारत का अतीत हैं और अतीत कभी भविष्य से लड़ नहीं सकता।” प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ AISA की वे छात्राएं भी मौजूद थीं, जिन्होंने जंतर-मंतर पर 23 दिनों तक भूख हड़ताल की थी।

राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की तीन प्रमुख मांगें हैं और इन पर कोई समझौता नहीं होगा। पहली, धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाया जाए। दूसरी, छात्रों पर कार्रवाई करने वाले दिल्ली पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और पेलेट गन के इस्तेमाल की जांच हो। तीसरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों पर हुई कार्रवाई के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

इससे एक दिन पहले भी राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को “क्रिमिनल शिक्षा मंत्री” बताया था। उन्होंने 20 जुलाई के छात्र प्रदर्शन में घायल एक छात्र को मीडिया के सामने लाकर उसके हाथ, पीठ और छाती पर लगे घाव भी दिखाए थे। उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई को NEET पेपर लीक के विरोध में निकाले गए संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में 100 से अधिक छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *